JPSC विवाद पर अर्जुन मुंडा का सरकार पर हमला, बोले- छात्रों की आवाज दबाना नहीं, सुनना जरूरी
JPSC विवाद पर पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने झारखंड सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने छात्रों पर लाठीचार्ज और मुकदमों की आलोचना करते हुए उनकी मांगें सुनने और स्थायी समाधान की मांग की।

Bokaro: JPSC परीक्षा को लेकर झारखंड में जारी विवाद के बीच पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अर्जुन मुंडा ने छात्रों के समर्थन में बड़ा बयान दिया है। उन्होंने JPSC परीक्षा में कथित धांधली के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज और मुकदमे दर्ज किए जाने को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा।
उकरीद मोड़ के पास भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अर्जुन मुंडा का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि झारखंड के छात्रों के साथ गलत हो रहा है। छात्र काफी मेहनत और परिश्रम के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। ऐसे में जब वे अपनी मांगों को लेकर आवाज उठा रहे हैं तो सरकार को उनकी बात सुननी चाहिए।
‘पुलिस बल का इस्तेमाल और मुकदमे करना उचित नहीं’
अर्जुन मुंडा ने कहा कि छात्रों की आवाज दबाने के लिए पुलिस बल का इस्तेमाल करना और उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज करना उचित नहीं है। सरकार को छात्रों की भावनाओं को समझते हुए इस पूरे विवाद का स्थायी समाधान निकालना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सरकार को साफ करना चाहिए कि JPSC विवाद का समाधान क्या है और छात्रों की समस्याओं को दूर करने के लिए कौन-कौन से विकल्प मौजूद हैं।
‘छात्रों की मेहनत के साथ हुआ धोखा’
पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि JPSC परीक्षा को लेकर छात्रों की मेहनत और परिश्रम के साथ धोखा हुआ है। ऐसे संवेदनशील मामलों में सरकार को सख्ती के बजाय संवेदनशीलता के साथ काम करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि छात्रों की मांगों को गंभीरता से सुनकर बातचीत के जरिए समाधान निकालने की जरूरत है। छात्रों के भविष्य से जुड़े मामले में सरकार को ऐसा रास्ता अपनाना चाहिए जिससे उनके बीच भरोसा कायम हो सके।
अर्जुन मुंडा के इस बयान के बाद JPSC विवाद को लेकर झारखंड की सियासत और गरमाने के आसार हैं। अब निगाहें इस बात पर हैं कि सरकार छात्रों के आंदोलन और उनकी मांगों को लेकर आगे क्या कदम उठाती है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

आधी रात को दो बाइकों पर 6 संदिग्ध, धनबाद पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा, कट्टा-गोली और चोरी की गाड़ी बरामद

कस्तूरबा विद्यालय में अचानक पहुंचे गिरिडीह DC, खाने की थाली से लेकर क्लासरूम तक की जांच







