आधी रात को दो बाइकों पर 6 संदिग्ध, धनबाद पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा, कट्टा-गोली और चोरी की गाड़ी बरामद
धनबाद के धनसार में पुलिस ने आधी रात दो बाइकों पर सवार छह संदिग्धों को गिरफ्तार किया। कट्टा, जिंदा कारतूस और चोरी की बाइक बरामद हुई, जबकि हथियार सप्लायर समेत कुल सात आरोपी पकड़े गए।

Dhanbad: कोयलांचल धनबाद में अपराध की बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए धनसार थाना पुलिस ने आधी रात को एक बड़े गैंग का भंडाफोड़ किया है। शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब साढ़े तीन बजे जब पुलिस की गश्ती गाड़ी मनईटांड़ और कलासंगम इलाके में नियमित भ्रमण पर थी, तभी दो बाइकों पर सवार छह युवकों की संदिग्ध आवाजाही दिखाई दी। पुलिस की गाड़ी को देखते ही सभी युवक घबरा गए और दोनों बाइकों की रफ्तार बढ़ाकर भागने लगे।
गांधी नगर शिव मंदिर के पास घेराबंदी, हथियार के साथ धरे गए आरोपी
संदेह गहराते ही गश्ती दल ने तुरंत अलर्ट जारी किया और इलाके में तैनात ‘सीटी हॉक’ की मदद से तेजी से पीछा करना शुरू किया। पुलिस टीम ने सूझबूझ दिखाते हुए गांधी नगर शिव मंदिर के पास पूरे इलाके को चारों तरफ से घेर लिया और भाग रहे सभी छह युवकों को मौके पर ही दबोच लिया। जब पकड़े गए संदिग्धों की तलाशी ली गई, तो आजाद आलम की कमर से एक लोडेड देशी कट्टा और मुकेश कुमार की जेब से 3.15mm की जिंदा गोली बरामद हुई।
चोरी की बाइक का खुलासा, हथियार सप्लायर भी चढ़ा हत्थे
सिटी SP ऋत्विक श्रीवास्तव ने प्रेस वार्ता में पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि कड़ाई से पूछताछ करने पर पता चला कि दोनों बाइकों में से एक बाइक चोरी की थी, जिसे कुछ दिन पहले मटकुरिया इलाके से उड़ाया गया था। पकड़े गए आरोपी रात के अंधेरे में किसी बड़ी चोरी और आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे थे। पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी आजाद आलम ने खुलासा किया कि हथियार उसे जग्गू पासवान ने उपलब्ध कराए थे। इसके बाद पुलिस ने त्वरित छापेमारी कर जग्गू पासवान को भी गिरफ्तार कर लिया, जिससे इस मामले में कुल गिरफ्तारियों की संख्या सात हो गई है।
पुराना आपराधिक इतिहास खंगालने में जुटी पुलिस
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोटरसाइकिलें, एक देशी कट्टा और जिंदा कारतूस जब्त कर लिए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पकड़े गए आरोपियों का पहले से भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। धनसार थाना पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह गिरोह शहर में हाल के दिनों में हुई किन-किन अन्य आपराधिक वारदातों में शामिल रहा है और इनके तार किन बड़े अपराधियों से जुड़े हैं।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

कस्तूरबा विद्यालय में अचानक पहुंचे गिरिडीह DC, खाने की थाली से लेकर क्लासरूम तक की जांच

'तबीयत बिगड़ी तो खुला खौफनाक राज!', 14 साल की नाबालिग का कराया गर्भपात, आंगन में दफनाया भ्रूण!', सिमडेगा में दिल दहला देने वाली वारदात, महिला गिरफ्तार







