रांची में कड़ी सुरक्षा के बीच JPSC प्रारंभिक परीक्षा शुरू
96 केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा, 100-200 मीटर दायरा निषिद्ध घोषित; मोबाइल-इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध, पुलिस व मजिस्ट्रेट तैनात

रांची: झारखण्ड पब्लिक सर्विस कमीशन (JPSC) द्वारा आयोजित झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (सीधी भर्ती) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा-2025 आज राजधानी रांची के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हो रही है।
परीक्षा के निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण संचालन को लेकर रांची जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जिले में कुल 96 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। पहली पाली सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक आयोजित की जा रही है।
प्रशासन के निर्देश पर सभी परीक्षा केंद्रों के 100 से 200 मीटर की परिधि को निषिद्ध क्षेत्र घोषित किया गया है। इस दायरे में अनावश्यक भीड़, जमावड़ा और आवाजाही पर रोक लगाई गई है। साथ ही परीक्षा केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, स्मार्ट वॉच सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और नकल सामग्री ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।
सुरक्षा के मद्देनजर प्रत्येक केंद्र पर पुलिस बल, स्टैटिक मजिस्ट्रेट और फ्लाइंग स्क्वॉड की तैनाती की गई है। परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसके अलावा शहर के विभिन्न इलाकों में वाहन जांच अभियान भी चलाया जा रहा है, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचें और अपने साथ एडमिट कार्ड के साथ वैध फोटो पहचान पत्र अवश्य लाएं। बिना पहचान पत्र के किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा कक्ष में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा को पूरी सख्ती और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

JPSC से चयनित 63 CDPO और 237 महिला पर्यवेक्षिकाओं को आज नियुक्ति पत्र सौंपेंगे CM हेमंत सोरेन

किसी भी समय हो सकता है सारंडा की जंग का अंत,झारखंड में बचे है महज इतने नक्सली







