Ranchi Municipal Corporation Elections: रांची नगर निगम के चुनाव में JMM (झारखंड मुक्ति मोर्चा) समर्थित प्रत्याशी ने कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी रमा खलखो के जीत का खेल पूरी तरह से बिगाड़ दिया. जिसके कारण रमा खलखो को हार का सामना करना पड़ा. चुनाव में JMM समर्थित प्रत्याशी सुजीत विजय आनंद कुजूर ने कुल 19305 वोट हासिल किए. जबकि बीजेपी समर्थित प्रत्याशी रोशनी खलखो ने मात्र 14363 वोटों के अंतर से रमा खलखो को हराकर जीत दर्ज की है.
रमा खलखो के हार का सबसे बड़ा कारण !
माना जा रहा है कि चुनाव में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी रमा खलखो के वोट झारखंड मुक्ति मोर्चा समर्थित प्रत्याशी के खाते में चले गए. जो रमा खलखो के हार का सबसे बड़ा कारण बना. रोशनी को 1,57,669 वोट मिले, जबकि रमा को 1,43,306 वोट मिले. 5 राउंड में हुई मतगणना का परिणाम देर रात 12 बजे घोषित किया गया. रोशनी खलको पहले राउंड से बढ़त बनाकर आगे चल रही थी. जो अंत तक सबसे आगे ही चलती रही. रांची मेयर पद के लिए कुल 11 प्रत्याशी चुनावी दंगल में उतरे थे. लेकिन रोशनी और रमा खलखो के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला. लेकिन रमा को हार का सामना करना पड़ा.
JMM ने कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी को दी थी चुनाव से हटने की सलाह !
बता दें, रांची नगर निगम चुनाव से पूर्व झारखंड मुक्ति मोर्चा ने कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी को चुनाव से हटने का आग्रह किया था साथ ही JMM समर्थित प्रत्याशी को समर्थन देने की अपील की थी. पार्टी की तरफ से कहा गया था कि रमा खलखो पहले भी मेयर रह चुकी है और वह फिर से चुनाव लड़ रही है. सुझाव देते हुए कहा था कि अब वक्त आ गया है कि गठबंधन के सिद्धांतों का वह अनुपालन करें और JMM समर्थित प्रत्याशी का समर्थन में चुनाव से किनारा करें.
हालांकि जेएमएम के आग्रह को कांग्रेस ने समय बीत जाने के बाद का राजनीतिक बयान बताया. पार्टी की तरफ से कहा गया था कि वे चाहते थे कि कांग्रेस और JMM मिलकर रांची मेयर सीट पर चुनाव लड़े. मगर झारखंड मुक्ति मोर्चा की तरफ से ऐसा कोई भी कदम नहीं उठाया गया.
खैर...अब चुनाव के नतीजे आपके सामने हैं. बीजेपी समर्थित रोशनी खलखो ने 14363 वोटों से कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी रमा खलखो को हराकर जीत हासिल की है. जबकि इस चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा ने 19305 वोट अपने खाते में लिए हैं. ऐसे में माना यह भी जा रहा है कि रांची नगर निगम चुनाव में अगर गठबंधन की कोई एक पार्टी के समर्थित प्रत्याशी को चुनावी मैदान में उतारा जाता तो जीत गठबंधन समर्थित प्रत्याशी के झोले में ही आती.
दरअसल आपको बता दें, नगर निगम चुनाव के लिए तीनों प्रमुख राजनीतिक दलों ने अपने-अपने समर्थित उम्मीदवारों को चुनावी दंगल में उतारा था, जिसमें मेयर पद के लिए बीजेपी ने रोशनी खलखो को अपना समर्थन दिया जबकि कांग्रेस ने पूर्व मेयर रमा खलखो को फिर से मैदान में उतारा. वहीं इस बार चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा ने भी सुजीत विजय आनंद कुजूर को अपना समर्थन देकर उन्हें अपना प्रत्याशी बनाया था.
रिपोर्ट- कमल कुमार








