फिल्मी अंदाज में घेराबंदी कर जामताड़ा पुलिस ने दो शातिर साइबर ठग को रंगे हाथ किया गिरफ्तार
साइबर क्राइम के गढ़ माने जाने वाले जामताड़ा में पुलिस को एक बार फिर बड़ी कामयाबी हाथ लगी है।
Ranchi: साइबर क्राइम के गढ़ माने जाने वाले जामताड़ा में पुलिस को एक बार फिर बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। मिहिजाम थाना इलाके के चरकापहाड़ी मोड़ के पास जामताड़ा साइबर पुलिस की स्पेशल टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर अचानक घेराबंदी कर दी। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई में दो बेहद शातिर साइबर अपराधियों को रंगे हाथ दबोच लिया गया। पकड़े गए आरोपियों के पास से ठगी के धंधे में इस्तेमाल होने वाले 3 चालू मोबाइल फोन और 3 फर्जी सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।
मुस्ताक और अमजद के रूप में हुई पहचान
शनिवार दोपहर साइबर थाने में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मामले का खुलासा करते हुए साइबर डीएसपी अमित कुमार ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान मुस्ताक अंसारी और अमजद अंसारी के रूप में की गई है। पलिस की प्राथमिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि ये दोनों लंबे समय से ऑनलाइन ठगी के गोरखधंधे में लिप्त थे और तकनीकी रूप से काफी चालाक थे।
कॉल पर निकालते थे सीक्रेट डिटेल, खाली कर देते थे बैंक खाते
डीएसपी अमित कुमार ने इनके ठगी करने के तौर-तरीकों का खुलासा करते हुए बताया कि ये दोनों शातिर अलग-अलग राज्यों के आम लोगों को फोन लगाते थे। खुद को बैंक या किसी बड़ी कंपनी का प्रतिनिधि बताकर ये लोगों को अपनी बातों के जाल में उलझा लेते थे और उनसे जुड़ी बेहद गोपनीय और वित्तीय जानकारियां हासिल कर लेते थे। जैसे ही पीड़ित इनके झांसे में आकर जानकारी साझा करता, उसके बैंक खाते से पैसे तुरंत दूसरे खातों में ट्रांसफर कर दिए जाते थे।
देश के कई राज्यों में फैला रखा था ठगी का जाल
जांच में यह भी चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि ये अपराधी केवल झारखंड ही नहीं, बल्कि देश के कई अलग-अलग राज्यों के सीधे-सादे लोगों को अपना शिकार बना चुके हैं। पुलिस अब इनके पास से जब्त मोबाइल नंबरों और कॉल डिटेल्स की गहन पड़ताल कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इन्होंने अब तक कुल कितने करोड़ रुपये की ठगी की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया, जहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में सीधे जेल भेज दिया गया है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.






