रांची में इमली चौक पर करंट की चपेट में आने से मजदूर की मौत
रांची में इमली चौक के पास शनिवार को निर्माणाधीन मकान में काम कर रहे एक मजदूर की करंट लगने के बाद नीचे गिरने से मौत हो गई।
Ranchi: रांची में इमली चौक के पास शनिवार को निर्माणाधीन मकान में काम कर रहे एक मजदूर की करंट लगने के बाद नीचे गिरने से मौत हो गई। हादसे में मृतक की पहचान श्रीराम लोहरा के रूप में हुई है। घटना के बाद मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।
जानकारी के मुताबिक, निर्माणाधीन मकान में ढलाई का काम चल रहा था। इसी दौरान श्रीराम लोहरा करंट की चपेट में आ गए और मकान के नीचे गिर पड़े। गंभीर हालत में उन्हें बचाने की कोशिश की गई, लेकिन उनकी मौत हो गई।
मौत के बाद सड़क पर उतरे लोग
मजदूर की मौत की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने सड़क जाम कर मुआवजे की मांग शुरू कर दी। इस दौरान सड़क पर वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा का पर्याप्त ध्यान नहीं रखा गया, जिसकी वजह से हादसा हुआ। वहीं हादसे के बाद मकान मालिक और ठेकेदार के मौके से चले जाने की बात भी सामने आई है।
पुलिस ने लोगों से की बातचीत
सड़क जाम और हंगामे की सूचना मिलने पर अरगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी ने लोगों और मृतक के परिजनों से बातचीत कर जाम हटाने की कोशिश की। काफी देर तक बातचीत के बाद वार्ड पार्षद और थाना प्रभारी ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि मुआवजे के लिए मकान मालिक और ठेकेदार से बात कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
आश्वासन के बाद खत्म हुआ जाम
पुलिस और स्थानीय जनप्रतिनिधि के आश्वासन के बाद लोगों ने सड़क जाम खत्म कर दिया। इसके बाद वाहनों की आवाजाही सामान्य हुई।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.






