झारखंड चेंबर चुनाव की तारीख तय, इस दिन मारवाड़ी भवन में होगी वोटिंग
झारखंड के कारोबारियों की सबसे बड़ी संस्था 'फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज' (FJCCI) के नए सत्र (2026-27) के चुनाव की तारीख फाइनल हो गई है।
FJCCI Election 2026-27: झारखंड के कारोबारियों की सबसे बड़ी संस्था 'फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज' (FJCCI) के नए सत्र (2026-27) के चुनाव की तारीख फाइनल हो गई है। 13 सितंबर को रांची के हरमू रोड स्थित मारवाड़ी भवन में वोट डाले जाएंगे। वोटिंग सुबह 9 बजे से शुरू होकर शाम 5 बजे तक चलेगी। शनिवार को चेंबर भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव समिति ने पूरी तैयारी की डिटेल साझा की।
4214 वोटर और 21 सीटें, दांव पर दिग्गजों की साख
इस बार चुनाव में कुल 4214 व्यापारी और उद्यमी अपने वोट का इस्तेमाल करेंगे। इनके जरिए 21 एग्जीक्यूटिव मेंबर्स और 6 अलग-अलग प्रमंडलों के रीजनल वाइस प्रेसिडेंट चुने जाएंगे। संस्था से इस समय 81 ट्रेड बॉडीज जुड़ी हैं। अगर इलाके के हिसाब से देखें तो कोयलांचल से सबसे ज्यादा 149, कोल्हान से 115, पलामू से 100, उत्तरी छोटानागपुर से 97, संताल परगना से 68 और दक्षिणी छोटानागपुर से 59 वोटर्स अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
नो ड्यूज का पेंच: फीस बाकी तो वोटिंग से बाहर!
कमेटी ने साफ कर दिया है कि वोट वही डाल पाएगा जिसका 2026-27 का मेंबरशिप चार्ज जमा होगा। अगर किसी का बकाया है, तो उसे वोट डालने का मौका नहीं मिलेगा। हालांकि राहत की बात ये है कि मतदान केंद्र पर एक हेल्प डेस्क भी बनाया जा रहा है, ताकि सदस्य मौके पर ही फीस भरकर वोट डालने के लिए एलिजिबल हो सकें।
स्क्रीन पर दिखेगी फोटो, 40 कंप्यूटरों से होगी सुपरफास्ट वोटिंग
वोटिंग में किसी तरह का झंझट न हो, इसके लिए तगड़े डिजिटल इंतजाम किए गए हैं। वोटर्स को उनका सीरियल नंबर और काउंटर नंबर पहले ही एसएमएस (SMS) के जरिए मोबाइल पर भेज दिया जाएगा, ताकि वहां जाकर पर्ची खोजने का सिरदर्द न रहे। हॉल में 40 कंप्यूटर लगाए जा रहे हैं। सॉफ्टवेयर को इस तरह सेट किया गया है कि कोई भी वोटर 21 से कम या 21 से ज्यादा उम्मीदवारों को सिलेक्ट नहीं कर पाएगा। स्क्रीन पर प्रत्याशी का नाम और चेहरा दोनों साफ-साफ दिखेगा।
वोट के साथ लंच कूपन, ट्रैफिक जाम से बचने की खास अपील
वोटिंग स्लिप लेते ही मेंबर्स को एक फूड कूपन भी थमाया जाएगा। वोट डालने के बाद सभी सदस्यों के खाने का इंतजाम पास के दिगंबर जैन भवन में किया गया है। चुनाव समिति ने सदस्यों से गुजारिश की है कि हरमू रोड पर जाम से बचने के लिए कार के बजाय बाइक-स्कूटी या पब्लिक ट्रांसपोर्ट से ही सेंटर पर आएं।
12 को AGM, फिर 13 को चुनावी रण
चुनाव समिति के अध्यक्ष अंचल किंगर ने बताया कि पूरे राज्य में करीब 10 लाख व्यापारी प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से चेंबर से जुड़े हैं। वोटिंग से ठीक एक दिन पहले, यानी 12 सितंबर को चेंबर भवन में 62वीं एनुअल जनरल मीटिंग (AGM) होगी। इसके ठीक अगले दिन 13 तारीख को नई टीम चुनने के लिए घमासान होगा।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.






