UP में निवेश को मिलेगी नई उड़ान, INVEST INDIA के साथ बनी रणनीति
नए निवेश, रोजगार और आर्थिक विकास को बढ़ावा देने के लिए 'इन्वेस्ट यूपी’ और ‘इन्वेस्ट इंडिया’ मिलकर करेंगी काम.

उत्तर प्रदेश में निवेश बढ़ाने और विदेशी कंपनियों को आकर्षित करने की दिशा में एक अहम पहल करते हुए ‘इन्वेस्ट यूपी’ और ‘इन्वेस्ट इंडिया’ के बीच उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य में नए निवेश अवसरों की पहचान, एफडीआई को बढ़ावा देने और लंबित परियोजनाओं को तेजी से जमीन पर उतारने की रणनीति पर चर्चा हुई।
बैठक में ‘इन्वेस्ट इंडिया’ की प्रबंध निदेशक एवं सीईओ निवृत्ति राय ने हिस्सा लिया। उन्होंने देशभर में चल रही प्रमुख निवेश परियोजनाओं, निवेशकों की प्राथमिकताओं और बदलते कारोबारी माहौल पर प्रस्तुति दी। इसके आधार पर उत्तर प्रदेश में घरेलू और विदेशी निवेश को आकर्षित करने के लिए संभावित क्षेत्रों पर विचार-विमर्श किया गया।
दोनों संस्थाओं ने निवेशकों तक बेहतर पहुंच बनाने, निवेश प्रक्रिया को आसान करने और परियोजनाओं के कार्यान्वयन में तेजी लाने पर सहमति जताई। साथ ही राज्य और राष्ट्रीय स्तर की निवेश एजेंसियों के बीच समन्वय को और मजबूत करने पर जोर दिया गया।
बैठक में इन्वेस्ट यूपी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विजय किरन आनंद, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रेरणा शर्मा, शशांक चौधरी समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
अधिकारियों का मानना है कि इन्वेस्ट यूपी और इन्वेस्ट इंडिया के बीच बढ़ता सहयोग राज्य के निवेश माहौल को मजबूत करेगा। इससे नई परियोजनाओं को गति मिलेगी, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और उत्तर प्रदेश को प्रमुख निवेश गंतव्य बनाने के लक्ष्य को बल मिलेगा।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









