प्रेम प्रसंग बना मौत की वजह: मोतिहारी में प्रेमिका ने पति संग मिलकर प्रेमी की पीट-पीटकर की हत्या
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक युवक अजय पटेल की हत्या उसकी प्रेमिका तब्बू खातून ने अपने पति असलम मियां और सहयोगियों के साथ मिलकर की थी.

Motihari, Bihar: मोतिहारी में युवक के हुए संदिग्ध मौत मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है. हरसिद्धि थाना पुलिस ने घटना के महज दो घंटे के अंदर खुलासा करते हुए हत्या की गुत्थी सुलझा ली है. पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक युवक अजय पटेल की हत्या उसकी प्रेमिका तब्बू खातून ने अपने पति असलम मियां और सहयोगियों के साथ मिलकर की थी. हत्या के बाद शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई थी.
घटना हरसिद्धि थाना क्षेत्र के मठ लोहियार वार्ड संख्या-7 की है, जहां रविवार सुबह अजय पटेल का शव नहर किनारे एक फूस के घर में फंदे से लटका मिला था. सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर हरसिद्धि थानाध्यक्ष सुनील कुमार के नेतृत्व में एफएसएल टीम और स्वान दस्ता मौके पर पहुंचा और वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू की गई.
अरेराज एसडीपीओ कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतक अजय पटेल का गांव की ही तब्बू खातून से प्रेम प्रसंग चल रहा था. इस संबंध को लेकर पहले भी सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ था. इसी प्रेम प्रसंग को लेकर तब्बू खातून ने अपने पति असलम मियां और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर अजय पटेल की पीट-पीटकर हत्या कर दी.
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि हत्या के बाद आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने की कोशिश की. घर में गिरे खून के धब्बों को मिट्टी डालकर छिपाया गया. एफएसएल टीम ने घटनास्थल से खून के नमूने सहित कई अहम साक्ष्य जुटाए. वहीं शव को लटकाने में इस्तेमाल रस्सी का हिस्सा आरोपी असलम मियां के घर से बरामद किया गया.
मृतक की मां के आवेदन पर हरसिद्धि थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस ने मुख्य आरोपी तब्बू खातून को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
पुलिस ने घटनास्थल से रस्सी का हिस्सा, एक स्मार्ट मोबाइल फोन, एक जोड़ी चप्पल और एक उस्तरा भी बरामद किया है.
(मोतिहारी से प्रतीक सिंह की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

नालंदा में खेत में पड़ा मिला युवक का शव, पुलिस ने कहा- ड्रग्स ओवरडोज से हुई मौत

मोतिहारी में करोड़ों के गांजा रैकेट पर पुलिस का बड़ा वार, लग्जरी कार से 22 पैकेट गांजा किया बरामद







