बोकारो में अवैध लॉटरी कारोबार का भंडाफोड़, 100 फर्जी टिकटों और कैश के साथ 2 अरेस्ट
बोकारो जिले की चास थाना पुलिस ने अवैध लॉटरी के काले कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गिरोह का खुलासा किया है।

Bokaro: बोकारो जिले की चास थाना पुलिस ने अवैध लॉटरी के काले कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने मौके से दो शातिर कारोबारियों को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान इनके कब्जे से 100 अवैध लॉटरी टिकट और एक हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। यह पूरा गिरोह 'डियर डे' कंपनी के नाम से अवैध लॉटरी का धंधा चला रहा था।
बिहार से जुड़े हैं तार, कई जिलों में फैला है नेटवर्क
पुलिस की शुरुआती जांच में इस अवैध लॉटरी रैकेट को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। जांच में सामने आया है कि इस अवैध धंधे का नेटवर्क केवल बोकारो तक ही सीमित नहीं है, बल्कि झारखंड के कई अन्य जिलों में भी फैला हुआ है।
सबसे खास बात यह है कि इस पूरे सिंडिकेट का मुख्य संचालन पड़ोसी राज्य बिहार से किया जा रहा था। बिहार में बैठे आकाओं के जरिए ही झारखंड के अलग-अलग शहरों में इन अवैध टिकटों की सप्लाई की जा रही थी।
SP की सूचना पर धर्मशाला मोड़ के पास हुई कार्रवाई
मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए चास थाना प्रभारी दिनेश सिंह ने बताया कि पुलिस को काफी समय से धर्मशाला मोड़ के आसपास अवैध लॉटरी की खरीद-बिक्री की गुप्त सूचनाएं मिल रही थीं।
सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस टीम ने त्वरित छापेमारी की और मौके से शंकर मोदक तथा नीरज कुमार सोनी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस पकड़े गए दोनों आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है और पूरे नेटवर्क को डिकोड कर इसके मुख्य सरगना तक पहुंचने में जुटी हुई है।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.






