मोतिहारी के होटलो में चल रहा था अवैध खेल ! प्रशासन के एक्शन से मचा हड़कंप, 2 ग्राहक और होटल मैनेजर गिरफ्तार
मोतिहारी जिले में प्रशासन ने शहर के अलग-अलग प्रमुख होटलों में छापेमारी की है जिससे होटल संचालकों में हड़कंप मच गया है, कार्रवाई के दौरान दो ग्राहक और एक होटल मैनेजर को गिरफ्तार किया गया है.

Motihari / Bihar (Report By- Pratik Singh): मोतिहारी में शराब पार्टी और कथित देह व्यापार की शिकायतों के बाद जिला प्रशासन ने शहर के होटल संचालकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. मामले में जिला प्रशासन ने शहर के अलग-अलग इलाकों में स्थित प्रमुख होटलों में छापेमारी की. इस दौरान दो ग्राहक और एक होटल मैनेजर को गिरफ्तार किया गया है.
दरअसल, यह कार्रवाई DM सौरभ जोरवाल और SP स्वर्ण प्रताप के निर्देश पर सदर SDO निशांत सिहारा के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने शहर के प्रमुख होटलों में दबिश दी. बता दें, प्रशासन की इस कार्रवाई से होटल व्यवसायियों में हड़कंप मच गया है.
जानकारी के अनुसार, छापेमारी टीम ने सबसे पहले छतौनी थाना क्षेत्र स्थित होटल सूर्या से कार्रवाई की शुरुआत की. इस दौरान टीम द्वारा कमरों की सघन तलाशी ली गई. जहां जांच के दौरान कई खाली शराब की बोतलें बरामद हुईं. जबकि एक कमरे से भरी हुई शराब की बोतलें भी मिली.
इस कार्रवाई में टीम ने मौके पर दो व्यक्तियों को शराब का सेवन करते पकड़ा. और होटल का मैनेजर भी नशे की हालत में पाया गया. टीम द्वारा ब्रेथ एनालाइजर जांच में अल्कोहल की पुष्टि हुई, जिसके बाद तीनों को गिरफ्तार कर थाना ले जाया गया. इसके बाद प्रशासनिक टीम ने होटल हर्ष में भी छापेमारी की. वहां संदिग्ध गतिविधियों की जांच की गई, हालांकि गिरफ्तारी की कोई सूचना नहीं मिली. होटल प्रबंधन को सख्त चेतावनी दी गई है.

मौके पर सदर एसडीओ निशांत सिहारा ने बताया कि शहर के होटलों में शराब पार्टी, देह व्यापार और घरेलू गैस के अवैध उपयोग की लगातार शिकायतें मिल रही थीं. इन्हीं शिकायतों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी अभियान जारी रहेगा.
इस कार्रवाई के बाद पूरे शहर में हड़कंप की स्थिति है. प्रशासन द्वारा न केवल होटलों, बल्कि रेस्टोरेंट, मिठाई दुकानों और अन्य व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में भी जांच अभियान चलाया जा रहा है. जिला प्रशासन ने साफ संकेत दिया है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









