शिकायत थी तो अफसरों को बताते, गाली क्यों दी?, जयराम महतो के खिलाफ झारखंड पुलिस एसोसिएशन लामबंद, बड़े एक्शन की तैयारी
डुमरी विधायक जयराम महतो पर बरवड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार से फोन पर कथित गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप है। झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने विधायक के आचरण की निंदा करते हुए सख्त कार्रवाई के संकेत दिए।

Jharkhand Politics : डुमरी विधायक जयराम महतो द्वारा धनबाद के बरवड्डा थाना प्रभारी को फोन पर कथित रूप से गाली-गलौज और अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करने के मामले ने अब काफी तूल पकड़ लिया है। इस पूरे प्रकरण को लेकर झारखंड पुलिस एसोसिएशन की झारखंड जगुआर शाखा ने कड़ा ऐतराज जताते हुए विधायक के आचरण की तीखी निंदा की है। सोमवार को जारी एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि किसी भी जनप्रतिनिधि द्वारा वर्दीधारी अधिकारी के साथ इस प्रकार का दुर्व्यवहार कतई स्वीकार्य नहीं है।
'शिकायत थी तो वरीय अधिकारियों से करते, फोन पर गाली देना गलत'
विज्ञप्ति में एसोसिएशन ने उल्लेख किया कि 21 अगस्त 2026 को विधायक ने बरवड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार को फोन पर गाली-गलौज और धमकियां दीं, जिसे किसी भी दृष्टिकोण से जायज नहीं ठहराया जा सकता। एसोसिएशन ने कहा कि यदि विधायक को थाना प्रभारी के काम या व्यवहार से कोई समस्या या शिकायत थी, तो उन्हें उचित माध्यम अपनाते हुए जिले के वरीय पुलिस पदाधिकारियों से संपर्क करना चाहिए था। फोन पर अभद्र भाषा का प्रयोग करना और इसके बाद सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर पुलिस विभाग की छवि को धूमिल करना बेहद खेदजनक है।
जनप्रतिनिधि और पुलिस दोनों का काम जनता की सेवा करना
एसोसिएशन ने अपनी बात रखते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों और पुलिस बल दोनों का मूल दायित्व शासन की योजनाओं को धरातल पर उतारना और आम जनता को सुरक्षित माहौल देना है। इस तरह के टकराव और नकारात्मक प्रचार से सुरक्षा बलों का मनोबल प्रभावित होता है। एसोसिएशन ने इस पूरे घटनाक्रम और विधायक के रुख पर गहरा खेद व्यक्त किया है।
केंद्रीय एसोसिएशन के हर फैसले में साथ रहेगी जगुआर शाखा
झारखंड जगुआर शाखा के अध्यक्ष बाबूजी बेनेडिक्ट टुडू और सचिव रामाकांत उपाध्याय ने संयुक्त बयान में कहा कि वे पुलिसकर्मियों के मान-सम्मान के साथ कोई समझौता नहीं करेंगे। उन्होंने साफ किया कि प्रांतीय अध्यक्ष, महामंत्री और केंद्रीय एसोसिएशन के पदाधिकारियों द्वारा न्याय और सम्मान की रक्षा के लिए जो भी ठोस निर्णय लिया जाएगा, झारखंड जगुआर शाखा पूरी निष्ठा और मजबूती के साथ उनके हर कदम के साथ खड़ी रहेगी।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









