विधायक की गिरफ्तारी नहीं तो 5 अक्टूबर से सामूहिक छुट्टी पर जाएगी पुलिस!, झारखंड पुलिस एसोसिएशन का चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान
झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने पुलिसकर्मियों के मान-सम्मान की रक्षा और लंबे समय से लंबित नौ सूत्री मांगों को लेकर राज्यव्यापी चरणबद्ध आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है।


Ranchi: झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने पुलिसकर्मियों के मान-सम्मान की रक्षा और लंबे समय से लंबित नौ सूत्री मांगों को लेकर राज्यव्यापी चरणबद्ध आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष राहुल कुमार मुर्मू ने मंगलवार को रांची में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आंदोलन की रूपरेखा जारी की। उन्होंने साफ किया कि आंदोलन की शुरुआत 8 सितंबर से होगी और अगर सरकार ने समय रहते मांगें पूरी नहीं कीं, तो 5 से 10 अक्टूबर तक पूरे राज्य के पुलिसकर्मी छह दिनों के सामूहिक अवकाश (मास लीव) पर चले जाएंगे।
जयराम महतो विवाद और धनबाद के बरवाअड्डा कांड पर फूटा गुस्सा
एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर कहा है कि हाल के दिनों में थानों, ओपी और वाहिनियों में तैनात जूनियर पुलिस अफसरों के साथ गाली-गलौज, मारपीट और धमकियों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। धनबाद के बरवाअड्डा थाने में डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो और उनके समर्थकों पर पुलिसकर्मियों से बदसलूकी, सरकारी काम में बाधा डालने और हाजत से आरोपी छुड़ाने के प्रयास की एफआईआर दर्ज हुई थी। एसोसिएशन का आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस को अपेक्षित न्याय नहीं मिला। इसके अलावा विधायक द्वारा सोशल मीडिया और बयानों में एसोसिएशन पर की गई अमर्यादित टिप्पणियों से जवानों में भारी नाराजगी है।
चार चरणों में चलेगा आंदोलन, 19 सितंबर को बंद रहेगा मेस
एसोसिएशन के तय कार्यक्रम के अनुसार 8 से 11 सितंबर तक राज्यभर के पुलिसकर्मी ड्यूटी के दौरान बांह पर काला बिल्ला लगाकर काम करेंगे। इसके बाद 19 सितंबर को सभी पुलिसकर्मी एक दिन का सामूहिक उपवास रखेंगे, जिस दौरान पुलिस लाइन, थानों और ओपी में मेस पूरी तरह बंद रहेंगे। 24 सितंबर को सभी जिलों में SP और समादेष्टा कार्यालयों के बाहर एक दिवसीय धरना दिया जाएगा, जबकि एसोसिएशन के केंद्रीय पदाधिकारी रांची में डीजीपी कार्यालय के सामने धरना देकर ज्ञापन सौंपेंगे। इसके बाद भी बात नहीं बनी तो 5 से 10 अक्टूबर तक सभी जवान छह दिनों की सामूहिक छुट्टी पर रहेंगे। हालांकि, एसोसिएशन ने कहा कि आंदोलन के दौरान आम जनता को होने वाली किसी भी परेशानी के लिए वे खेद प्रकट करते हैं।
विधायक की गिरफ्तारी सहित 9 सूत्री मांगों पर अड़ा एसोसिएशन
एसोसिएशन ने सरकार के सामने नौ प्रमुख मांगें रखी हैं। इनमें बरवाअड्डा मामले के आरोपी विधायक की जल्द गिरफ्तारी, वर्दी और राशन भत्ता बढ़ाने, सातवें वेतनमान के आधार पर भत्तों के पुनरीक्षण, दो बच्चों के लिए शिक्षा व स्वास्थ्य भत्ता, 10 साल से एक ही जिले में जमे कर्मियों का तबादला, समय पर प्रमोशन और पुलिस के काम में जनप्रतिनिधियों के दखल को रोकने के लिए कड़े नियम बनाने की मांग शामिल है।
'खुद को टाइगर कहने वाले समझें संगठन की ताकत', कोर्ट जाने की भी चेतावनी
प्रेस वार्ता में एसोसिएशन के नेता राकेश पांडेय और प्रदेश अध्यक्ष राहुल कुमार मुर्मू ने कड़े शब्दों में कहा कि विधायक जयराम महतो को याद रखना चाहिए कि पुलिस हर जगह मौजूद है और उनकी सुरक्षा में भी पुलिस के ही जवान तैनात हैं। उन्होंने कहा कि 1920 से चले आ रहे इस ऐतिहासिक संगठन को बदनाम करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि विधायक अपने बयानों से बाज नहीं आते हैं, तो संगठन उनके खिलाफ कोर्ट का दरवाजा भी खटखटाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि अगर मामले में बरवाअड्डा थाना प्रभारी की गलती है तो उन पर भी कार्रवाई हो, लेकिन किसी जनप्रतिनिधि को कानून हाथ में लेने का हक नहीं है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उपाध्यक्ष महताब आलम, संगठन सचिव मंटू कुमार, संयुक्त सचिव संतोष कुमार महतो, राकेश पांडेय और महामंत्री संजीव कुमार मौजूद रहे।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

PM किसान योजना और फ्लिपकार्ट के नाम पर करते थे ठगी, देवघर पुलिस की रेड में धरे गए 6 साइबर क्रिमिनल

सलाखों के पीछे ही रहेगा झारखंड का सबसे बड़ा मानव तस्कर!, पन्ना लाल महतो मामले में कोर्ट का नया फैसला, 15 सितंबर को अगली तारीख







