शराबबंदी के बीच होटल में ‘हाई प्रोफाइल पार्टी’ ! मोतिहारी पुलिस की रेड में 4 रंगे हाथ गिरफ्तार
नशा के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मोतिहारी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने एक होटल में छापेमारी करते हुए शराब पार्टी कर रहे 4 लोगों को गिरफ्तार किया है.

Motihari / Bihar (Report By- Pratik Singh): मोतिहारी में जिले में शराबबंदी कानून को लागू कराने के लिए पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है. इसी कड़ी में छतौनी थाना क्षेत्र के मठिया स्थित एक होटल में छापेमारी कर पुलिस ने शराब पार्टी कर रहे चार लोगों को गिरफ्तार किया है.
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हर्ष होटल के एक कमरे में कुछ लोग शराब का सेवन कर रहे हैं. सूचना मिलते ही छतौनी थाना पुलिस सक्रिय हो गई और वरीय अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर तत्काल छापेमारी की गई.
छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने होटल के एक कमरे से चार लोगों को शराब पीते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया. सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर थाना लाया गया, जहां मेडिकल जांच में शराब सेवन की पुष्टि होने के बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया.
मौके से पुलिस ने शराब की बोतलें भी बरामद की हैं. जिस कमरे में पार्टी चल रही थी, उसे सील कर दिया गया है. पुलिस अब इस बात की जांच में जुटी है कि होटल तक शराब कैसे पहुंची और इसमें किन-किन लोगों की संलिप्तता है.
छतौनी थाना के अपर थानाध्यक्ष श्रीकांत चौहान ने बताया कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है. यह भी पता लगाया जा रहा है कि होटल में पहले भी इस तरह की गतिविधियां होती रही हैं या नहीं. यदि किसी संगठित रैकेट की संलिप्तता सामने आती है, तो संबंधित सभी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए ऐसे मामलों में लगातार सख्ती बरतने की मांग की है. छापेमारी टीम में अपर थानाध्यक्ष श्रीकांत चौहान के साथ एसआई अमित कुमार, फिरोज एवं अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे.
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

राम मंदिर दान चोरी केस में बड़ा फैसला, आरोपियों की पैरवी करने पर वकील से वसूले जाएंगे 5 लाख रुपये का जुर्माना

सहरसा में सिपाही भर्ती परीक्षा फर्जीवाड़े का भंडाफोड़, 6 आरोपी गिरफ्तार, लाखों लेकर परीक्षा पास कराने का देते थे झांसा







