‘साहब, शराब पीकर आते हैं...’! आवासीय स्कूल में बच्चों का दर्द सुन डीएम भी हैरान!
मोतिहारी के सुगौली स्थित भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय में निरीक्षण के दौरान छात्रों ने डीएम के सामने शराब के आरोप, खराब भोजन, शिक्षकों की कमी और शिकायत करने से रोकने जैसी कई समस्याएं रखीं। डीएम ने जांच रिपोर्ट मांगी है।


मोतिहारी: सुगौली प्रखंड के सुगांव स्थित भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय में बदहाल व्यवस्था को लेकर गुरुवार को बच्चों का दर्द सामने आया। जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने सदर एसडीएम अरुण कुमार पांडेय और एसडीपीओ दिलीप कुमार सिंह के साथ विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम ने कक्षा में पहुंचकर बच्चों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं।
बच्चों ने लगाए गंभीर आरोप
बच्चों ने विद्यालय के एचएम और बीडब्ल्यूओ पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वे शराब के नशे में विद्यालय आते हैं और उनके साथ गाली-गलौज करते हैं। बच्चों के आरोपों के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिर आवासीय विद्यालय परिसर में शराब पहुंचती कैसे है। विद्यार्थियों ने यह भी आरोप लगाया कि अधिकारियों के निरीक्षण से पहले उन्हें शिकायत नहीं करने की धमकी दी गई थी। बच्चों ने दो दिन पहले खराब भोजन के विरोध में करीब 20 घंटे तक चले प्रदर्शन की जानकारी भी डीएम को दी। उनका कहना था कि अधिकारियों के जाने के बाद भोजन व्यवस्था फिर पुराने ढर्रे पर लौट गई।
डीएम ने मांगी रिपोर्ट, तय होगी जवाबदेही
बच्चों ने शिक्षकों की कमी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। विद्यार्थियों ने डीएम से एचएम और बीडब्ल्यूओ को हटाने की मांग भी की। निरीक्षण के दौरान भोजन, मेस और विद्यालय की अन्य सुविधाओं से जुड़ी कई शिकायतें सामने आईं।
डीएम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला कल्याण पदाधिकारी को सभी समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने का निर्देश दिया। साथ ही सदर एसडीओ को महीने में कम से कम एक बार विद्यालय पहुंचकर बच्चों से संवाद करने को कहा गया। BD और थाना प्रभारी को भी विद्यालय का नियमित निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया है।
डीएम सौरभ सुमन यादव ने कहा कि बच्चों की शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए एसडीओ से रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट की समीक्षा के बाद यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों और कर्मियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
(मोतिहारी से प्रतिक सिंह की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

हाथ में गंगाजल, जुबान पर आरक्षण... मुकेश सहनी का बड़ा ऐलान, BJP के लिए क्यों बढ़ी टेंशन?

‘RLM का अस्तित्व हमेशा रहेगा’... राजगीर से उपेंद्र कुशवाहा ने BJP विलय की चर्चाओं पर लगाया ब्रेक!







