ईद मिलाद-उन-नबी को लेकर रांची में हाई अलर्ट, फिरायालाल से डोरंडा तक पुलिस का फ्लैग मार्च
ईद मिलाद-उन-नबी को लेकर रांची में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस ने फिरायालाल चौक से डोरंडा तक फ्लैग मार्च किया और संवेदनशील इलाकों में ड्रोन निगरानी व बाइक पेट्रोलिंग की।

ईद मिलाद-उन-नबी पर्व को देखते हुए रांची पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मंगलवार को शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में फ्लैग मार्च, पैदल गश्ती और बाइक पेट्रोलिंग की गई। पुलिस का उद्देश्य पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराना और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करना है।
इसी क्रम में पुलिस टीम ने फिरायालाल चौक से डोरंडा तक फ्लैग मार्च किया। इसके अलावा फिरायालाल चौक, एकरा मस्जिद, कर्बला चौक और विक्रांत चौक समेत अन्य संवेदनशील इलाकों में भी पुलिस बल ने गश्ती की।
ड्रोन से भी रखी गई नजर
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने संभावित जुलूस मार्ग और संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया। सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के साथ मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। संवेदनशील इलाकों में ड्रोन के जरिए निगरानी भी की गई।
बाइक दस्ते ने मेन रोड से होते हुए एकरा और डोरंडा थाना क्षेत्र में पेट्रोलिंग की। इस दौरान प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
फ्लैग मार्च में SP (सिटी), SDM सदर, वरीय पुलिस उपाधीक्षक (नगर), संबंधित थाना प्रभारी, RAF, IRB, बाइक दस्ता समेत बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल रहे।
असामाजिक तत्वों पर पुलिस की नजर
रांची पुलिस ने बताया कि पर्व के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस लगातार विधि-व्यवस्था की निगरानी कर रही है और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

हेमंत कैबिनेट के 50 बड़े फैसले!, मेडिकल कॉलेजों का कायाकल्प, 100 नए CM स्कूल ऑफ एक्सीलेंस और 606 थानों में लगेंगे CCTV

2007 से प्रभारी के भरोसे चल रहा RINPAS!, झारखंड हाईकोर्ट सख्त, राज्य सरकार को जारी किया नोटिस







