मुंबई में भारी बारिश का कहर, IMD ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट
मुंबई, ठाणे और पालघर में तेज बारिश, 60 किमी प्रति घंटे की हवाओं का अनुमान

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में भारी बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई, ठाणे, पालघर और कोंकण क्षेत्र के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है। लगातार बारिश के कारण कई सड़कों पर पानी भर गया है और लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के अनुसार, 23 जून की रात से 24 जून की सुबह तक शहर में भारी वर्षा दर्ज की गई। द्वीपीय क्षेत्र में 184 मिमी, पूर्वी उपनगरों में 154 मिमी और पश्चिमी उपनगरों में 190 मिमी बारिश हुई। कई इलाकों में 200 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई, जिससे सड़क यातायात और लोकल ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुईं। हालात को देखते हुए BMC ने शहरभर में 7,000 से अधिक कर्मचारियों को तैनात किया है। कई बस मार्गों में भी बदलाव किया गया है और लोगों को घर से निकलने से पहले यातायात की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून महाराष्ट्र के और हिस्सों में आगे बढ़ गया है। कोंकण क्षेत्र में 30 जून तक और मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में अगले कुछ दिनों तक व्यापक बारिश की संभावना है। विभाग ने तेज हवाओं, गरज-चमक और आंधी की भी चेतावनी जारी की है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

Jharkhand Weather Update : झारखंड के कई जिलों में आज होगी तेज बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट

एल नीनो के खतरे पर केंद्र सतर्क, 326 जिलों के लिए तैयारी







