जमशेदपुर समेत पूरे कोल्हान में झमाझम बारिश, स्वर्णरेखा का बढ़ा जलस्तर, अगले 3-4 दिन अलर्ट पर मौसम
जमशेदपुर शहर सहित पूरे कोल्हान प्रमंडल में सुबह से ही लगातार झमाझम बारिश हो रही है।


Jamshedpur: जमशेदपुर शहर सहित पूरे कोल्हान प्रमंडल में सुबह से ही लगातार झमाझम बारिश हो रही है। अचानक बदले मौसम के मिजाज और मूसलाधार बारिश की वजह से आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी बुरी तरह प्रभावित हुई है। कदमा, सोनारी, साकची, मानगो, बिष्टुपुर और पोटका समेत कोल्हान के कई इलाकों में सुबह से रुक-रुक कर तेज बारिश का दौर जारी है। बारिश और सड़कों पर जलजमाव के चलते दफ्तर और जरूरी कामों के लिए निकले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर बढ़ा, उफान पर कई नदियां
लगातार हो रही बारिश के कारण मानगो स्थित स्वर्णरेखा नदी सहित कोल्हान क्षेत्र की कई नदियों और नालों का जलस्तर काफी तेजी से बढ़ गया है। नदियों में बढ़ते पानी को देखते हुए स्थानीय प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। प्रशासन की ओर से निचले और तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों से अपील की जा रही है कि वे नदियों के किनारे न जाएं और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें।
अगले 3 से 4 दिनों तक जारी रहेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग के मुताबिक, इलाके में बने सिस्टम के असर से अगले तीन से चार दिनों तक रुक-रुक कर लगातार बारिश होने की संभावना जताई गई है। प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को जलभराव और आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









