राजा पीटर की डिस्चार्ज अर्जी पर टली सुनवाई, NIA कोर्ट ने दी 9 सितंबर की तारीख
रमेश सिंह मुंडा हत्याकांड में आरोपी पूर्व विधायक राजा पीटर की डिस्चार्ज याचिका पर रांची एनआईए कोर्ट में सुनवाई टल गई। अदालत ने अगली तारीख 9 सितंबर तय की है।

Ramesh Singh Munda Murder Case : तमाड़ के पूर्व विधायक और पूर्व मंत्री रमेश सिंह मुंडा हत्याकांड में आरोपी पूर्व विधायक गोपाल कृष्ण पातर उर्फ राजा पीटर की डिस्चार्ज याचिका पर सुनवाई टल गई है। रांची स्थित एनआईए (NIA) के विशेष न्यायाधीश अभिमन्यु कुमार की अदालत में शनिवार को इस मामले में सुनवाई होनी थी। हालांकि, अभियोजन पक्ष के अधिवक्ता के भोपाल जाने की वजह से सुनवाई नहीं हो सकी, जिसके बाद अदालत ने मामले की अगली तारीख 9 सितंबर तय कर दी।
राजा पीटर और कुख्यात नक्सली कुंदन पाहन समेत कई हैं आरोपी
इस बहुचर्चित हत्याकांड में पूर्व विधायक राजा पीटर के अलावा पूर्व हार्डकोर नक्सली कुंदन पाहन, बलराम साहू उर्फ बोलो, राम मोहन सिंह मुंडा, कृष दांगी, राजेश संथाल, राधेश्याम बड़ाइक, प्रफुल्ल कुमार महतो, टिपरू बुरमा और शेष नाथ सिंह जैसे कई नामजद आरोपी हैं। इससे पहले हुई सुनवाई के दौरान राजा पीटर को छोड़कर बाकी सभी आरोपियों की पेशी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोर्ट में कराई गई थी।
फुटबॉल मैच के दौरान नक्सलियों ने गोलियों से भूना था
यह सनसनीखेज मामला 9 जुलाई 2008 का है, जब बुंडू में आयोजित एक फुटबॉल मैच के दौरान तमाड़ के तत्कालीन विधायक रमेश सिंह मुंडा की नक्सलियों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी थी। इस जघन्य वारदात के बाद पूरे राज्य में हड़कंप मच गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए बुंडू थाने में दर्ज केस (65/2008) को बाद में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने टेकओवर कर लिया और नए सिरे से मामला (1/2017) दर्ज कर जांच शुरू की थी।
2016 से जेल में बंद है अहम साजिशकर्ता
NIA की विस्तृत जांच में इस हत्या की साजिश के तार कई बड़े चेहरों और नक्सलियों से जुड़े मिले। जांच के दौरान ही 8 जुलाई 2016 को NIA ने आरोपी पूर्व नक्सली राम मोहन सिंह मुंडा को गिरफ्तार किया था, जो तब से लगातार न्यायिक हिरासत में जेल में बंद है। अब 9 सितंबर को होने वाली अगली सुनवाई पर सभी की निगाहें टिकी हैं।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

कोडरमा पहुंचे हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश, व्यवहार न्यायालय का किया निरीक्षण, वकीलों की सुनीं समस्याएं

रांची में पैंटालून के सामने बड़ा हादसा, पुरानी दुकान की मरम्मत के दौरान गिरा बीम, मजदूर की गई जान







