गोड्डा : JPSC-JSSC समेत भर्ती परीक्षाओं को लेकर भाजयुमो का प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन समाहरणालय के बाहर धरना
झारखंड की राजनीति में एक बार फिर युवाओं की नौकरी और भर्ती परीक्षाओं का मुद्दा गरमा गया है। गोड्डा में बीजेपी युवा मोर्चा सड़क पर उतर आया। समाहरणालय के बाहर धरना दिया गया, सरकार पर भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली के गंभीर आरोप लगाए गए


GODDA/ JHARKHAND : झारखंड विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और धांधली के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने शनिवार को गोड्डा समाहरणालय के समक्ष एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने झारखंड के राज्यपाल के नाम उपायुक्त को पांच सूत्री मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।धरना कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजयुमो के गोड्डा जिला अध्यक्ष सौरभ सुमन ने की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जेपीएससी, जेएसएससी, सीजीएल, उत्पाद सिपाही, जेटेट, शिक्षक नियुक्ति समेत अन्य भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली की निष्पक्ष जांच और मुख्यमंत्री सह शिक्षा मंत्री हेमंत सोरेन के इस्तीफे की मांग उठाई।
भाजयुमो के संथाल परगना प्रभारी रबींद्र तिवारी ने कहा कि झारखंड के युवा और छात्र लंबे समय से भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं से परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार युवाओं से किए गए वादों को पूरा करने में विफल रही है और भर्ती परीक्षाएं पारदर्शी तरीके से नहीं कराई जा रही हैं। उनका कहना था कि छात्र वर्षों तक तैयारी करते हैं, लेकिन उन्हें यह भी पता नहीं होता कि भर्ती कब निकलेगी और परीक्षा समय पर होगी या नहीं। जिला अध्यक्ष सौरभ सुमन ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार छात्रों के भविष्य के साथ लगातार अन्याय कर रही है। उन्होंने कहा कि हाल ही में रांची में जेपीएससी कार्यालय घेराव के बाद सरकार ने जेपीएससी अध्यक्ष का इस्तीफा लिया, लेकिन यह केवल "लीपापोती" है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा को इस मामले में सीआईडी जांच पर भरोसा नहीं है और जब तक उनकी पांच सूत्री मांगें पूरी नहीं होतीं तथा मुख्यमंत्री इस्तीफा नहीं देते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। धरना-प्रदर्शन में भाजयुमो के महामंत्री सूरज सिंह, नगर अध्यक्ष रोहित वर्मा, पंकज प्रियांशु, आशीष यादव, हर्षित यादव, पूर्व कोषाध्यक्ष अनिल साह, सावन जोशी, ब्रजेश यादव, शिवराम जायसवाल, श्रवण महतो, राजेश पाल, राजेंद्र कुमार, राज कुमार, अनिल मंडल, राजेश महतो, प्रभाकर मंडल, सुमन कुमार दास सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

सुल्तानगंज जाने वाले कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए एक्शन में गिरिडीह पुलिस खुद एसपी ने लिया जायजा

कचरे में मिला 5 महीने के भ्रूण का शव, मेडिकल स्टोर पर छापा... खुली कई चौंकाने वाली परतें!







