जयराम महतो के खिलाफ गिरिडीह पुलिस एसोसिएशन ने तेज की कार्रवाई की मांग
डुमरी विधायक जयराम महतो के खिलाफ गिरिडीह पुलिस एसोसिएशन ने कानूनी कार्रवाई की मांग तेज कर दी है। पुलिस एसोसिएशन ने कई थानों में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कथित गाली-गलौज और अभद्र भाषा पर आपत्ति जताई।

Giridih News : डुमरी विधायक जयराम महतो और पुलिस प्रशासन के बीच छिड़ा विवाद अब और गहराता जा रहा है। पुलिसकर्मियों के साथ कथित अपशब्द के इस्तेमाल को लेकर पुलिस एसोसिएशन ने विधायक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग तेज कर दी है। सोमवार को पुलिस एसोसिएशन की गिरिडीह जिला इकाई ने जिले के कई थानों में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर विधायक के आचरण पर कड़ा ऐतराज जताया और प्रशासन से अविलंब बड़ी कार्रवाई की मांग की।
'थाना प्रभारी से गाली-गलौज करना विधायक को शोभा नहीं देता'
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए पुलिस एसोसिएशन के सचिव भरत सिंह सिकरिवाल और सत्येंद्र पासवान ने दो टूक कहा कि एक जिम्मेदार जनप्रतिनिधि होने के नाते थाना प्रभारी के साथ गाली-गलौज और अभद्र भाषा का प्रयोग करना पूरी तरह अशोभनीय है। उन्होंने कहा कि पूरे राज्य में कानून और विधि-व्यवस्था बनाए रखने की मुख्य जिम्मेदारी पुलिस विभाग पर होती है, ऐसे में पुलिस अधिकारियों का मनोबल गिराने और उनके साथ दुर्व्यवहार करने वाले किसी भी व्यक्ति पर सख्त एक्शन होना जरूरी है। एसोसिएशन ने साफ किया कि जब तक विधायक के खिलाफ ठोस कानूनी कदम नहीं उठाए जाते, वे अपनी मांग पर अडिग रहेंगे।
फुरकान अंसारी ने माफी की मांग को बताया था बेतुका, दी थी भाषा सुधारने की सलाह
इससे पहले सत्ताधारी दल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता फुरकान अंसारी ने इस पूरे विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए पुलिस एसोसिएशन द्वारा विधायक से माफी मांगने की मांग को बेतुका करार दिया था। उन्होंने कहा था कि जयराम महतो एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि हैं, ऐसे में उनसे माफी मांगने की जिद सही नहीं है। हालांकि, इसके साथ ही फुरकान अंसारी ने विधायक को भी नसीहत देते हुए कहा था कि एक जननेता होने के नाते उन्हें बातचीत के दौरान भाषा की मर्यादा और शालीनता का पूरा ध्यान रखना चाहिए। कांग्रेस नेता के इस बयान के बाद पुलिस एसोसिएशन ने अपनी रणनीति और तेज करते हुए थानों में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विरोध का बिगुल फूंक दिया है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









