गढ़वाः अलकतरा घोटाला में सजा होने के भय से मानसिक संतुलन खो चुके हैं विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी: JMM
गढ़वा से बीजेपी विधायक सत्येंद्र तिवारी के खिलाफ झारखंड मुक्ति मोर्चा ने विरोध मार्च निकाला. और जिले के संध्या टाउन हॉल के मैदान में उनका पुतला दहन किया.

Garhwa / Jharkhand (Report By- Atul Dubey): झारखंड मुक्ति मोर्चा गढ़वा जिला कमेटी ने गढ़वा से BJP विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी का पुतला दहन किया. आज, रविवार (26 अप्रैल 2026) की शाम झामुमो नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संध्या टाउन हॉल के मैदान से उनके खिलाफ विरोध मार्च निकाला. इसके बाद उन्होंने घंटाघर के पास उनका पुतला दहन किया. JMM के नेता और कार्यकर्ताओं ने राजनीतिक प्रतिद्वंदियों व महिलाओं के विरुद्ध अभद्र भाषा का प्रयोग करने के विरोध में विधायक का पुतला दहन किया. इस दौरान उन्होंने जमकर विधायक विरोधी नारे लगाए गए.
मौके पर झामुमो नेताओं ने कहा कि करोड़ों का अलकतरा पीकर जेल जा चुके सत्येंद्र नाथ तिवारी अलकतरा घोटाला के मुख्य आरोपी हैं. सीबीआई कोर्ट ने आरोप तय कर दिया है. जिसमें उन्हें बहुत जल्द सजा होने वाली है. जेल जाने के डर से बौखलाये हुए विधायक अभद्रता पर उतर आये हैं. वे खुलेआम लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के समक्ष व जनता के बिच गाली-गलौज करने लगे हैं. 
'विधायक के व्यवहार और चरित्र से गढ़वा की जनता वाकिफ'
पहले उन्होंने महिलाओं पर अमर्यादित टिप्पणी करते हुए ʼआदमियाईनʼ जैसे शब्दों का प्रयोग किया. उसके बाद गढ़वा की महिलाओं को व्यभिचारी तक बता दिया. महिलाओं के खिलाफ लगातार बयान-बाजी में गढ़वा की संभ्रांत महिलाओं की आपत्तिजनक फोटो वायरल करने की बात कर रहे हैं तो विधायक वैसे फोटो को सार्वजनिक करें, कि आखिर वह किन महिलाओं के बारे में बात कर रहे हैं. विधायक के व्यवहार और चरित्र से गढ़वा की जनता वाकिफ हो चुकी है. जिसने खुद को अलकतरा घोटाला से बचने के लिए अपने बहनोंई तक को उसमें फंसा दिया. जो परिवार का नहीं हुआ वह जनता का क्या होगा.
'महिलाओं की अस्मत के साथ राजनीति करना बंद करें MLA'
जेएमएम नेताओं ने कहा कि उनके हालिया बयानों से स्पष्ट है कि वे हताशा में गढ़वा की जनता और राजनीतिक प्रतिद्वंदियों के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहे हैं. विधायक ने सार्वजनिक रूप से दावा किया कि उनके पास सैकड़ों महिलाओं के वीडियो हैं और वे ब्लैकमेल हो रही हैं. यदि विधायक के पास ऐसे प्रमाण हैं, तो उन्होंने अब तक कानून का सहारा क्यों नहीं लिया? विधायक महिलाओं की अस्मत के साथ राजनीति करना बंद करें. यदि उनमें साहस है तो वे साक्ष्य सामने लाएं, अन्यथा गढ़वा की नारी शक्ति उन्हें कड़ा सबक सिखाएगी. 
पूर्व मंत्री के दिवंगत पिता पर टिप्पणी उनके दोहरे चरित्र का प्रमाण- JMM
महिलाओं के लिए आदमीयाईन जैसे शब्दों का प्रयोग उनकी संकीर्ण मानसिकता को दर्शाता है. विधायक सत्येंद्र तिवारी, पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर पर अनर्गल आरोप लगा रहे हैं. जबकि पूर्व में उन्होंने स्वयं सपरिवार आग्रह कर उन्हें अपने बच्चों की शादी में आमंत्रित किया था. राजनीति में धूर विरोधी के बावजूद सामाजिक निमंत्रण को स्वीकार करते हुए पूर्व मंत्री शादी में शामिल हुए थे. उसके बाद पूर्व मंत्री के दिवंगत पिता स्वतंत्रता सेनानी पर टिप्पणी उनके दोहरे चरित्र को उजागर करता है.
'एक आंदोलनकारी पार्टी है JMM'
झारखंड मुक्ति मोर्चा एक आंदोलनकारी पार्टी है. विधायक द्वारा पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के लिए कुत्ता, सूअर और गदहा जैसे अपशब्दों का प्रयोग करना उनकी राजनीतिक का निंदनीयता को दर्शाता है. वे भूल रहे हैं कि झामुमो कार्यकर्ता किसी के दबाव में नहीं, बल्कि जनहित के सिद्धांतों पर चलते हैं. झामुमो नेताओं ने कहा कि जनता से दूरी और विकास शून्य विधायक सत्येंद्र तिवारी विकास के मोर्चे पर पूरी तरह विफल रहे हैं. वे जनता के सुख-दुख और उनकी बुनियादी समस्याओं के समाधान में असफल साबित हुए हैं. गढ़वा की जनता आज खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है. वे एक जनप्रतिनिधि के रूप में अपनी जिम्मेदारियों को निभाने के बजाय केवल अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए अनर्गल बयान-बाजी का सहारा ले रहे हैं.
विधानसभा से बर्खास्त करने की उठी मांग
झामुमो मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष महोदय से मांग करता है कि मानसिक संतुलन खो चुके विधायक सत्येंद्र तिवारी को तत्काल विधानसभा से बर्खास्त किया जाए. साथ ही, समाज में अशांति फैलाने और महिलाओं को अपमानित करने के कारण उनका उचित मानसिक उपचार कराया जाए. ताकि गढ़वा की जनता को उनके उग्र और अभद्र व्यवहार से राहत मिल सके. यदि इसके बावजूद विधायक सचेत नहीं होते हैं, तो पार्टी को उग्र आंदोलन का सहारा लेना पड़ सकता है.
पुतला दहन के दौरान मौके पर झामुमो जिला अध्यक्ष शम्भू राम, सचिव शरीफ अंसारी, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष रेखा चौबे, झामुमो युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष संजय सिंग्ज छोटू, केंद्रीय सदस्य जवाहर पासवान, व्यवसायी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष राजेश गुप्ता, जिला कोषाध्यक्ष चन्दन जायसवाल, नगर कमिटी अध्यक्ष आशिष कुमार अग्गरावल, जिला उपाध्यक्ष रौशन पाठक, जिला प्रवक्ता रेखा पाठक, मेरल प्रखंड अध्यक्ष आराधना सिंह, महिला मोर्चा सचिव दीपमाला, गढ़वा प्रखंड अध्यक्ष अनामिका सिंह, डंडा प्रखंड अध्यक्ष पार्वती, जिला परिषद अध्यक्ष शांति देवी, रंका जिला परिषद संपूर्ण तिवारी, उपाध्यक्ष कांती देवी, गढ़वा प्रखंड सचिव वंदना, चिनिया प्रखंड अध्यक्ष प्रेमलता सहि पार्टी के नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहें.
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

चतरा: प्यास बुझाने जंगल से भटककर गांव पहुंचा मोर, ग्रामीण ने बचाई जान

गिरिडीह पुलिस के समक्ष अपराधी का कबूलनामा: नशीले कैप्सूल खाकर कर सकते हैं किसी का कत्ल भी, देते थे लूटपाट को अंजाम







