मोतिहारी में बेखौफ अपराधियों का तांडव: किराना व्यवसायी को गोली मार लाखों की लूट
आदापुर थाना क्षेत्र में वारदात, घायल को सदर अस्पताल किया गया रेफर, पुलिस ने SIT गठित कर शुरू की छापेमारी

Motihari/Bihar (Report By - Pratik Singh): मोतिहारी में एक बार फिर अपराधियों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया है. आदापुर थाना क्षेत्र के लाला छपरा चौक के पास बुधवार शाम करीब 6:15 बजे अज्ञात बदमाशों ने किराना व्यवसायी को गोली मारकर लाखों रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए.
जानकारी के अनुसार, श्यामपुर बाजार निवासी व्यवसायी विजय कुमार गुप्ता रोज की तरह अपनी दुकान बंद कर करीब 6 बजे घर लौट रहे थे. जैसे ही वे योगी बाबा मठ के पास पहुंचे, पहले से घात लगाए तीन अपराधियों ने अचानक फायरिंग कर दी. गोली व्यवसायी के दाहिने पैर के घुटने में लगी, जिससे वे मौके पर ही गिर पड़े. इसके बाद अपराधियों ने उनके पास मौजूद झोले में रखे लाखों रुपये लूट लिए.
घटना के दौरान अपराधियों ने व्यवसायी की बाइक भी ले जाने की कोशिश की, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण बाइक बीच सड़क पर ही छोड़कर फरार हो गए. पीड़ित ने दावा किया है कि हमलावरों का चेहरा सामने आने पर वह उनकी पहचान कर सकता है.
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल व्यवसायी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर उपचार के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया.
सूचना मिलते ही आदापुर थाना अध्यक्ष पूजा कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और इलाके को घेरकर जांच शुरू की. घटनास्थल से अपराधियों की छोड़ी गई बाइक और गोली के निशान को सुरक्षित रखा गया है तथा एफएसएल टीम के आने का इंतजार किया जा रहा है.
इधर, दिनदहाड़े इलाके में इतनी बड़ी वारदात हो जाने से पुलिसिया गश्ती पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं वहीं घटना से इलाके के व्यवसायियों में दहशत का माहौल है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने रक्सौल एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया है. पुलिस का कहना है कि तीन संदिग्धों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. साथ ही पुलिस अधीक्षक ने यह भी कहा कि प्रथम दृष्टया आपसी दुश्मनी में घटना को अंजाम दिया गया है. पूरे मामले की जांच की जा रही है, जल्द खुलासा होगा.
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

दो साल के मासूम को मरता छोड़ गए माता-पिता, शरीर से बाहर निकल आई थी आंत, नक्षत्र न्यूज की पहल से बची जान

Ranchi में ‘रेरा बिहार से रूबरू’ कार्यक्रम का आयोजन, बिल्डरों को बिहार में निवेश का न्योता







