किछौछा शरीफ से लौट रहे मेदिनीनगर के पांच लोगों की सड़क हादसे में मौत, नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई
मेदिनीनगर में शनिवार देर रात उस समय मातम छा गया, जब उत्तर प्रदेश के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल किछौछा शरीफ से जियारत कर लौट रहे पांच लोगों के शव उनके घर पहुंचे।

पलामू जिले के मेदिनीनगर में शनिवार देर रात उस समय मातम छा गया, जब उत्तर प्रदेश के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल किछौछा शरीफ से जियारत कर लौट रहे पांच लोगों के शव उनके घर पहुंचे। इस हृदयविदारक सड़क हादसे में मेदिनीनगर के पांच लोगों की मौत हो गई, जिससे पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार मेदिनीनगर के चार करीबी दोस्त एक चालक के साथ शुक्रवार को कार से बिहार के डेहरी में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। शादी समारोह के बाद सभी लोग उत्तर प्रदेश स्थित किछौछा शरीफ में जियारत करने पहुंचे। वहां से लौटने के दौरान आजमगढ़ जिले के देवगांव थाना क्षेत्र में वाराणसी-आजमगढ़ मुख्य मार्ग पर उनकी कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई और ट्रक के नीचे जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। एक व्यक्ति ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल एक अन्य व्यक्ति की शनिवार शाम वाराणसी में इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। इस प्रकार दुर्घटना में कार सवार सभी पांच लोगों की जान चली गई।
मृतकों की पहचान कांजी हाउस मोहल्ला निवासी अजमल आलम, गोसिया मदरसा क्षेत्र निवासी सोहराब राइन, पनेरी गली निवासी चालक अरबाज खान, मुस्लिम नगर निवासी कैश आलम तथा नूरी मस्जिद मोहल्ला निवासी हाजी अब्दुल रजाक के रूप में हुई है। शनिवार देर रात शवों के मेदिनीनगर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। रविवार सुबह शहर का माहौल गमगीन रहा। सुबह सात बजे कन्नी राम चौक स्थित छोटी मस्जिद में जनाजे की नमाज अदा की गई। इसके बाद अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग मस्जिद परिसर पहुंचे। जनाजों को कंधा देने के लिए सैकड़ों लोग मौजूद रहे और हर आंख नम दिखाई दी।
सुबह करीब 10 बजे सभी मृतकों को पुलिस लाइन रोड स्थित कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। एक साथ पांच लोगों की मौत की इस दर्दनाक घटना ने पूरे मेदिनीनगर को झकझोर कर रख दिया है। स्थानीय लोगों ने इसे शहर के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

चोरों की चालाकी पर भारी पड़ी पुलिस की चौकसी, एक महीने बाद सलाखों के पीछे पहुंचे मोटर चोर

रांची के जगन्नाथपुर से लापता जुड़वां बच्चों का मिला सुराग ! पुलिस ने की जानकारी देने वाले को 50 हजार के इनाम की घोषणा







