बोकारो के में आधी रात किराना दुकान में लगी आग, 10 लाख से ज्यादा का नुकसान
बोकारो स्टील सिटी के सेक्टर-12D में बीती रात करीब 2 बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब 'पवन किराना स्टोर' में अचानक भीषण आग लग गई।


Bokaro: बोकारो स्टील सिटी के सेक्टर-12D में बीती रात करीब 2 बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब 'पवन किराना स्टोर' में अचानक भीषण आग लग गई। दुकान से आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार उठता देख आसपास के लोग सहम गए और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दुकान में आग लगने की खबर मिलते ही दुकान मालिक सत्येंद्र सिंह तुरंत मौके पर पहुंचे और पड़ोसियों की मदद से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश शुरू की।
फायर ब्रिगेड की 2 गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद बुझाई आग
घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। हालांकि, जब तक आग पर काबू पाया जाता, तब तक दुकान के अंदर रखा ज्यादातर कीमती सामान जलकर पूरी तरह खाक हो चुका था।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग, 10 लाख से ज्यादा के नुकसान का अनुमान
दुकानदार सत्येंद्र सिंह के अनुसार, आग लगने की मुख्य वजह बिजली का शॉर्ट सर्किट है। उन्होंने बताया कि इस अगलगी में दुकान के काउंटर, फ्रीज, रैक और राशन सामग्री समेत करीब 10 लाख रुपये से अधिक का किराना सामान जलकर राख हो गया है।
नुकसान का हो रहा आकलन, इलाके के लोगों में दहशत
घटना के बाद से पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस और स्थानीय प्रशासन नुकसान के सही आंकड़े का आकलन करने में जुटा है। रात के वक्त रिहायशी इलाके के पास हुई इस घटना से स्थानीय लोगों में भी काफी डर और चिंता का माहौल बना हुआ है।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









