अवैध खनन पर वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर सख्त, डीसी को लिखा पत्र; टास्क फोर्स को सक्रिय करने का निर्देश
झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने पलामू जिले में बढ़ते अवैध खनन को लेकर कड़ा रुख अपनाया है।

Palamu मेदिनीनगर: झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने पलामू जिले में बढ़ते अवैध खनन को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। छतरपुर थाना क्षेत्र के देवगन इलाके में देर रात छापेमारी कर अवैध मोरम खनन का भंडाफोड़ करने के बाद अब उन्होंने जिला उपायुक्त को पत्र लिखकर हरिहरगंज, पिपरा, हुसैनाबाद, मोहम्मदगंज और हैदरनगर सहित अन्य क्षेत्रों में अवैध उत्खनन पर तत्काल रोक लगाने का निर्देश दिया है।
मंत्री ने अपने पत्र में कहा है कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़े पैमाने पर मिट्टी और मोरम का अवैध उत्खनन कर पड़ोसी राज्यों में भेजा जा रहा है, जिससे राज्य सरकार को भारी राजस्व क्षति हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि इस अवैध कारोबार से खनन माफियाओं, भ्रष्टाचार और आपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है।
गौरतलब है कि दो दिन पूर्व मंत्री ने गुप्त सूचना के आधार पर छतरपुर के देवगन-रेगनिया गांव के समीप छापेमारी की थी। इस दौरान अवैध खनन में इस्तेमाल हो रहे पोकलेन, हाइवा समेत कई वाहनों को जब्त किया गया था। पत्र में मंत्री ने उल्लेख किया है कि हरिहरगंज, पिपरा, हुसैनाबाद, मोहम्मदगंज और हैदरनगर प्रखंडों में माफियाओं द्वारा बड़े पैमाने पर मोरम का अवैध उत्खनन किया जा रहा है। विशेष रूप से हुसैनाबाद के सोहया पहाड़ और कचनपुर क्षेत्र में अंतर्राज्यीय गिरोहों की संलिप्तता की सूचना मिलने की बात भी उन्होंने कही है।
मंत्री ने कहा कि अवैध खनन केवल राजस्व हानि का विषय नहीं है, बल्कि इससे पर्यावरण, जैव-विविधता, जल संरक्षण, कृषि और जनस्वास्थ्य पर भी गंभीर दुष्प्रभाव पड़ रहे हैं। उन्होंने जिला प्रशासन को जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स को पूरी सक्रियता के साथ काम में लगाने का निर्देश देते हुए कहा कि ऐसी स्थिति नहीं आनी चाहिए कि टास्क फोर्स निष्क्रिय रहे और कार्रवाई के लिए राज्य के मंत्री को स्वयं मैदान में उतरना पड़े।
"अवैध उत्खनन रोकने के लिए सख्त कार्रवाई जरूरी है। टास्क फोर्स को प्रभावी और गतिशील बनाकर खनन माफियाओं पर निर्णायक कार्रवाई की जाए।" – वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

बोकारो के सीबू को भारी पड़ा बकरा चोरी पर आवाज उठाना, आरोपी जंगल की ओर ले गए और बेदम की मारपीट

डीसी ने शहरी पेयजलापूर्ति परियोजना और ग्रिड सब स्टेशन कार्यों का किया निरीक्षण, सितंबर तक पूरा करने का लक्ष्य







