बंगाल में PMFBY की एंट्री 50 लाख किसानों को मिलेगा फायदा, PM मोदी ने शुरू कीं कई योजनाएं
बंगाल में कृषि और विकास को बढ़ावा देने पर जोर, पीएम मोदी ने कई नई योजनाओं और परियोजनाओं की शुरुआत की

पश्चिम बंगाल दिवस के मौके पर हुगली के तारकेश्वर में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य के लिए कई बड़ी विकास और कृषि योजनाओं की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने रेलवे, सड़क, कृषि, मत्स्य पालन और पशुपालन से जुड़ी करीब 820 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने पीएम-किसान योजना की 23वीं किस्त भी जारी की। इसके तहत देशभर के 9.44 करोड़ किसानों के खातों में 18,880 करोड़ रुपये भेजे गए। इनमें पश्चिम बंगाल के 45 लाख से अधिक किसानों को 900 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि मिली।
राज्य में पहली बार प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY) लागू की गई है। इस योजना के तहत वर्ष 2026-27 में करीब 50 लाख किसानों को फसल बीमा का लाभ देने का लक्ष्य रखा गया है। लगभग 14 लाख हेक्टेयर कृषि भूमि को बीमा सुरक्षा के दायरे में लाया जाएगा, जिससे किसानों को फसल नुकसान की स्थिति में आर्थिक मदद मिल सकेगी।
प्रधानमंत्री ने डिजिटल कृषि मिशन के तहत एग्रीस्टैक प्लेटफॉर्म की भी शुरुआत की। इससे किसानों को उर्वरक, किसान क्रेडिट कार्ड, डीबीटी और एमएसपी जैसी सेवाएं एक ही डिजिटल मंच पर मिल सकेंगी।
इसके अलावा करीब 590 करोड़ रुपये की रेल परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया। फ्रेजरगंज में आधुनिक मत्स्य बंदरगाह, सैंथिया में मछली बाजार और हरिणहाटा में बकरियों के लिए क्षेत्रीय वीर्य उत्पादन केंद्र का उद्घाटन भी किया गया। साथ ही पीएमजीएसवाई-III के तहत बनी 49 सड़क परियोजनाएं भी जनता को समर्पित की गईं।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









