'लाल आतंक का अंत...', 103 नक्सली गिरफ्तार, 22 ढेर ; अब 1 करोड़ के इनामी असीम मंडल पर झारखंड पुलिस ने कसा शिकंजा
झारखंड में 2026 के एंटी-नक्सल अभियान में 103 नक्सली गिरफ्तार, 49 ने आत्मसमर्पण और 22 मारे गए। मिसिर बेसरा के बाद अब एक करोड़ के इनामी असीम मंडल पर पुलिस की नजर।

Ranchi: झारखंड में दशकों से चला आ रहा 'लाल आतंक' अब अपने खात्मे की कगार पर पहुंच चुका है। कभी जिन खूंखार वांटेड नक्सलियों के आंकड़े सैकड़ों में हुआ करते थे, वे सुरक्षाबलों की लगातार कार्रवाई के बाद अब सिमट कर मात्र 18 रह गए हैं। इन 18 नक्सलियों में मुख्य रूप से 9 बड़े चेहरे शामिल हैं। कुख्यात नक्सली मिसिर बेसरा की गिरफ्तारी के बाद अब झारखंड पुलिस का अगला सबसे बड़ा टारगेट 1 करोड़ का इनामी असीम मंडल है।
असीम मंडल पर पुलिस का फोकस, बंगाल बॉर्डर पर घेराबंदी
IG (ऑपरेशन) नरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मिसिर बेसरा का पकड़ा जाना झारखंड पुलिस के लिए एक बड़ी कामयाबी रही है। इसके बाद अब पुलिस ने असीम मंडल के खिलाफ अपनी रणनीति तेज कर दी है। एक करोड़ का इनामी असीम मंडल उर्फ आकाश उर्फ तिमिर फिलहाल पश्चिम बंगाल और झारखंड (जमशेदपुर क्षेत्र) के बॉर्डर इलाके में एक्टिव है। वह अपने दस्ते के 7 खूंखार बंगाली सदस्यों के साथ इसी इलाके में छिपा है।
बॉर्डर का इलाका होने की वजह से वह अब तक चकमा देने में कामयाब रहा है। हालांकि, अब झारखंड पुलिस और पश्चिम बंगाल पुलिस आपस में को-ऑर्डिनेशन (समन्वय) बनाकर विशेष जॉइंट ऑपरेशन चला रही है और उसकी हर गतिविधि पर लगातार नजर रखी जा रही है। जल्द ही इस मामले में बड़ी सफलता की उम्मीद है।
झारखंड के मोस्ट वांटेड नक्सली और उन पर इनाम
वांटेड 18 नक्सलियों की सूची में सबसे अधिक संख्या भाकपा माओवादियों (CPI Maoist) की है। इसके अलावा TPC, JJMP और PLFI जैसे उग्रवादी संगठनों के सदस्य भी इस लिस्ट में शामिल हैं। पुलिस द्वारा जारी प्रमुख इनामी नक्सलियों की सूची इस प्रकार है:
असीम मंडल (उर्फ आकाश/तिमिर), 1 करोड़ रुपये का इनाम
1. रामप्रसाद मार्डी: 15 लाख रुपये का इनाम
2. मीता (उर्फ नयनतारा/झुंपा): 10 लाख रुपये का इनाम
3. मंगल सिंह सरदार (उर्फ मंगल महतो/पांडे): 5 लाख रुपये का इनाम
4. समीर महतो (उर्फ बुढ़ा): 5 लाख रुपये का इनाम
5. मालती : 2 लाख रुपये का इनाम
6. बुलु : 1 लाख रुपये का इनाम
इन प्रमुख नामों के अलावा राजू भुईया, नितेश यादव और मनोहर गंजू पर भी पुलिस की तरफ से इनाम घोषित किया गया है।
साल 2026 में बैकफुट पर नक्सली (जनवरी से 11 अगस्त 2026 तक के आंकड़े)
झारखंड में नक्सलियों के सफाए के लिए बड़े पैमाने पर Anti-Naxal ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं, जिसके बेहद सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।
1. गिरफ्तारी : पुलिस और सुरक्षाबलों ने कुल 103 नक्सलियों और उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है।
2. आत्मसमर्पण : पुलिस के बढ़ते दबाव और आत्मसमर्पण नीति से प्रभावित होकर 49 नक्सलियों ने हथियार डाल दिए हैं।
3. एनकाउंटर : इस साल अब तक हुई विभिन्न मुठभेड़ों में 22 नक्सली मारे गए हैं।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

परीक्षा रद्द होते ही झारखंड में बड़ा प्रशासनिक संकट!, खाली हो गईं सैकड़ों कुर्सियां, ठप्प पड़ा सरकारी काम

'सुप्रीम कोर्ट से जीते, पर सिस्टम से हार रहे युवा!', JAP-1 ग्राउंड में दिनभर भटके झारखंड कांस्टेबल भर्ती के 888 अभ्यर्थी







