गिरिडीह में तीन दिनों से जारी मूसलाधार बारिश से तबाही, तीन थाना क्षेत्रों में गिरे कच्चे मकान
गिरिडीह में तीन दिनों की लगातार बारिश से तीन थाना क्षेत्रों में कच्चे मकान ढह गए। अहिल्यापुर में बुजुर्ग महिला घायल हुई, जबकि कई परिवार बेघर हो गए हैं।

Giridih News: गिरिडीह जिले में बीते तीन दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश अब आम लोगों के लिए भारी मुसीबत का सबब बनती जा रही है। बारिश के चलते बुधवार को जिले के तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में खपरैल और झोपड़ीनुमा कच्चे मकान ढहने की घटनाएं सामने आई हैं। इन हादसों में एक बुजुर्ग महिला आंशिक रूप से घायल हो गई, जबकि कई परिवार इस तेज बारिश के बीच बेघर हो गए हैं।
अहिल्यापुर में मलबे की चपेट में आने से बुजुर्ग महिला घायल
पहली घटना अहिल्यापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रस्नजोरी गांव से सामने आई, जहां लगातार पानी पड़ने से कमजोर हुआ अर्जुन दास का खपरैलनुमा घर अचानक भरभराकर गिर पड़ा। जिस वक्त हादसा हुआ, उस समय अर्जुन दास की वृद्ध मां घर के भीतर घरेलू काम निपटा रही थीं। मकान ढहने से वे मलबे की चपेट में आ गईं। हालांकि, गनीमत यह रही कि उन्हें केवल मामूली चोटें आईं और एक बड़ा जानलेवा हादसा टल गया।
ताराटांड़ में दो भाइयों का आशियाना जमींदोज, बाल-बाल बचे परिजन
दूसरी घटना ताराटांड़ थाना क्षेत्र के बड़कीटांड़ इलाके की है। यहां बारिश की मार से खपरैलनुमा कच्चा मकान पूरी तरह ध्वस्त हो गया। इस हादसे में रहमान अंसारी और अनवर अंसारी का संयुक्त परिवार आशियाना छिन जाने के कारण बेघर हो गया है। राहत की बात यह रही कि समय रहते बाहर निकल जाने के कारण परिवार का कोई भी सदस्य हताहत नहीं हुआ। इस आफत भरी बारिश के बीच खुले आसमान के नीचे आए परिवार के सामने अब रहने और खाने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
गांडेय में भी झोपड़ीनुमा घर गिरने की सूचना
वहीं तीसरी घटना गांडेय थाना क्षेत्र के फुलजोरी गांव से सामने आई है, जहां बारिश के दबाव से एक झोपड़ीनुमा कच्चा घर गिरने की बात कही जा रही है। हालांकि, स्थानीय प्रशासन की ओर से इस तीसरे मामले की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है। लगातार हो रही बारिश से ग्रामीण इलाकों में मिट्टी और खपरैल के बने अन्य मकानों पर भी खतरा मंडरा रहा है, जिससे लोग दहशत में हैं।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

नौकरी बेच रही है सरकार!, भर्ती सुधार यात्रा के 10वें दिन राहे-सोनाहातू में गरजे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो

नहीं मिली राहत, अब चलेगा मुकदमा!, टेंडर घोटाले के आरोपी इंजीनियर अशोक गुप्ता पर कोर्ट कसेगा कानूनी शिकंजा







