मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 की तैयारियों की उपायुक्त ने की समीक्षा
मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 की तैयारियों की समीक्षा 20 जून से शुरू होगा विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम

मेदिनीनगर (पलामू): जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने गुरुवार को समाहरणालय सभाकक्ष में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 की तैयारियों को लेकर सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ईआरओ) एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु दिशा-निर्देशों, प्रक्रियाओं और कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त ने बताया कि 20 जून 2026 से विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम शुरू होगा, जो 7 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ संपन्न होगा। इस दौरान बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्र उपलब्ध कराएंगे, जिसमें मतदाताओं का पूर्व से दर्ज विवरण अंकित रहेगा। मतदाताओं को अपना नवीनतम फोटो चिपकाकर हस्ताक्षर अथवा अंगूठे का निशान लगाते हुए प्रपत्र बीएलओ को वापस करना होगा।
बैठक में जानकारी दी गई कि जिन मतदाताओं द्वारा हस्ताक्षरित गणना प्रपत्र वापस कर दिया जाएगा, उनका नाम प्रारूप मतदाता सूची में यथावत बना रहेगा। वहीं जिन मतदाताओं का सत्यापन या मैपिंग कार्य पूरा नहीं हो सकेगा, उन्हें निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी स्तर से नोटिस जारी किया जाएगा। ऐसे मतदाताओं को निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे, जिसके बाद उनका नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि निर्धारित दस्तावेज जमा नहीं करने या गणना प्रपत्र वापस नहीं करने की स्थिति में संबंधित मतदाता का नाम मतदाता सूची से हटाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया में बीएलओ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और सभी संबंधित पक्षों के समन्वय एवं सहयोग से इस कार्य को पारदर्शी एवं सफल बनाया जाएगा।
बैठक में राजनीतिक दलों को बीएलए-2 की नियुक्ति एवं उसका विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। उपायुक्त ने कहा कि जिन दलों ने अब तक बीएलए-2 का विवरण नहीं दिया है, वे शीघ्र निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी कार्यालय को जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि सभी बीएलए-2 को समय पर प्रशिक्षण दिया जा सके।
बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रमोद कुमार, छत्तरपुर अनुमंडल पदाधिकारी गणेश महतो, विभिन्न ईआरओ, कांग्रेस जिला अध्यक्ष बिमला कुमारी, राष्ट्रीय जनता दल जिला अध्यक्ष धनंजय पासवान, भारतीय जनता पार्टी के प्रतिनिधि सहित अन्य पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

ताइक्वांडो चैंपियनशिप में चमके सरला बिरला यूनिवर्सिटी के आयुष राज: इंटरनेशनल लेवल पर जीता सिल्वर मेडल

बेगूसराय स्टेशन में बड़ा हादसा: ट्रेन चढ़ने के क्रम में फिसला पैर, ट्रैक में फंसकर हुई दर्दनाक मौत







