मलय डैम की टूटी नहर की मरम्मत की मांग तेज, कांग्रेस नेताओं ने किसानों के साथ सौंपा ज्ञापन
सतबरवा, सदर और लेस्लीगंज प्रखंड क्षेत्र के किसानों की सिंचाई व्यवस्था को लेकर मलय डैम से निकलने वाली टूटी मुख्य नहर की तत्काल मरम्मत की मांग तेज हो गई है। धान की खेती का समय नजदीक आने के साथ किसानों की चिंता भी बढ़ती जा रही है।

पलामू: सतबरवा, सदर और लेस्लीगंज प्रखंड क्षेत्र के किसानों की सिंचाई व्यवस्था को लेकर मलय डैम से निकलने वाली टूटी मुख्य नहर की तत्काल मरम्मत की मांग तेज हो गई है। धान की खेती का समय नजदीक आने के साथ किसानों की चिंता भी बढ़ती जा रही है। पलामू जिला कांग्रेस कमिटी के महासचिव विवेका त्रिपाठी ने किसानों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस कमिटी के विशेष आमंत्रित सदस्य सह झारखंड कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजू के पलामू आगमन पर उन्हें ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और किसानों ने प्रदेश प्रभारी का फूल-माला पहनाकर स्वागत किया।
ज्ञापन में विवेका त्रिपाठी ने कहा कि मलय डैम से निकलने वाली यह मुख्य नहर सतबरवा, सदर और लेस्लीगंज प्रखंड क्षेत्र के हजारों किसानों की जीवनरेखा है। यदि इसकी शीघ्र मरम्मत नहीं कराई गई तो धान की खेती गंभीर रूप से प्रभावित होगी और लगभग 5,000 एकड़ कृषि भूमि सिंचाई से वंचित रह जाएगी। इससे क्षेत्र में किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा तथा अकाल जैसी स्थिति बनने की आशंका भी बढ़ सकती है। प्रदेश प्रभारी राजू ने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि इस मुद्दे को गंभीरता से उठाया जाएगा और संबंधित विभाग व सरकार के समक्ष मजबूती से रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान कांग्रेस की प्राथमिकता है और नहर की मरम्मत के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। किसानों ने भी प्रशासन से मांग की कि धान रोपाई का समय शुरू होने से पहले नहर की मरम्मत का कार्य पूरा कराया जाए, ताकि सिंचाई व्यवस्था सुचारु रहे और किसानों की फसल प्रभावित न हो।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

मलय डैम के चैनल संख्या-18 की स्थायी मरम्मत की मांग को लेकर किसानों ने उपायुक्त से लगाई गुहार

पलामू में प्रखंड स्तरीय ड्राइविंग लाइसेंस कैंप की शुरुआत, उपायुक्त ने किया उद्घाटन







