नालंदा में खेत में पड़ा मिला युवक का शव, पुलिस ने कहा- ड्रग्स ओवरडोज से हुई मौत
राजीव वर्तमान में अपने ननिहाल देवीसराय में रहकर आरा मिल में कारपेंटर का काम कर रहा था. घटना की सूचना मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

Nalanda /Bihar (Report By- Virendra Kumar): नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र स्थित डीटीओ ऑफिस के पीछे एक युवक का शव मिला है जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है. मृतक की पहचान सोहसराय थाना क्षेत्र के मंसूरनगर निवासी राजीव कुमार (20 वर्ष) पिता- चंदू मिस्त्री के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि राजीव वर्तमान में अपने ननिहाल देवीसराय में रहकर आरा मिल में कारपेंटर का काम कर रहा था. घटना की सूचना मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
परिजनों ने हत्या का गंभीर आरोप लगाया है. मृतक के भाई राजा कुमार ने बताया कि राजीव के कान से खून निकल रहा था और शरीर पर चोट के कई निशान थे, जिससे साफ होता है कि उसकी बेरहमी से पिटाई की गई है. परिवार का कहना है कि राजीव कुछ दोस्तों के साथ निकला था, लेकिन देर रात उसकी मौत की खबर आई.
युवक की मौत की घटना के बाद मामले में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है, दरअसल, सोनी देवी नाम की एक युवती ने सामने आकर खुद को राजीव की पत्नी बताया है. युवती ने दावा किया कि वर्ष 2021 में दोनों ने राजगीर के एक मंदिर में प्रेम विवाह किया था, लेकिन इसकी जानकारी परिवार वालों को नहीं थी.
सोनी देवी ने कहा कि घटना वाले दिन शाम में दोनों की देवीसराय मोड़ के पास मुलाकात हुई थी और उन्होंने साथ में गोलगप्पे भी खाए थे. युवती ने बताया कि शाम करीब सवा छह बजे राजीव ने फोन करके घबराहट होने की बातें कही और मिलने बुलाया. काफी खोजबीन के बाद रात करीब 10 बजे राजीव का एक दोस्त मिला, जिसने बताया कि वह खेत की तरफ गया है.
खोजते ही जब वह खेत के पास पहुंची तो वहां उसने राजीव को बेसुध हालत में पड़ा देखा. उसके कान से खून बह रहे थे. उसने आसपास के घरों में मदद के लिए दरवाजे खटखटाए, लेकिन किसी ने मदद नहीं की. इसके बाद वह दौड़कर मुख्य सड़क पर पहुंची और वहां से गुजर रही पुलिस टीम को उसने पूरी घटना की जानकारी दी.
वहीं मौके पर पहुंची पुलिस शुरुआती जांच में मामले को अलग दिशा में ले जा रही है. दीपनगर थाना अध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि घटनास्थल से नशीले इंजेक्शन और प्रतिबंधित दवाओं के रैपर बरामद किए गए हैं. पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला ड्रग्स ओवरडोज से हुई मौत प्रतीत हो रहा है. हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा.
फिलहाल पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया है और हर पहलू पर जांच शुरू कर दी है. अब सबकी नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हुई है, जो इस रहस्यमयी मौत के पीछे की सच्चाई सामने ला सकती है.
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

मोतिहारी में करोड़ों के गांजा रैकेट पर पुलिस का बड़ा वार, लग्जरी कार से 22 पैकेट गांजा किया बरामद

औरंगाबाद एनएच-139 पर स्कॉर्पियो ने बाइक सवार को मारी जोरदार टक्कर, मौके पर दो युवक की मौत







