सदर अस्पताल रांची में जटिल ऑपरेशन सफल, डेढ़ किलो की बढ़ी हुई तिल्ली निकाली गई, आयुष्मान योजना के तहत मिला निःशुल्क उपचार
सदर अस्पताल रांची के सर्जरी विभाग ने लैप्रोस्कोपिक तकनीक की सहायता से सफल ऑपरेशन किया। ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा। ऑपरेशन के बाद निकाली गई तिल्ली का वजन लगभग 1.45 किलोग्राम तथा आकार 18×16 सेंटीमीटर पाया गया।

रांची: रांची सदर अस्पताल में एक और जटिल आपरेशन को डॉ अजीत कुमार के नेतृत्व में सफल किया गया है। बुंडू प्रखंड के आनेडीह गांव की रहने वाली सुलोचना देवी, जो लंबे समय से पेट दर्द, पेट में भारीपन और लगातार कमजोरी की समस्या से जूझ रही थीं, का सदर अस्पताल रांची में सफलतापूर्वक जटिल ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन के बाद उनकी सेहत में उल्लेखनीय सुधार हुआ है और उन्हें स्वस्थ अवस्था में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।विभिन्न जांचों के दौरान कुछ अस्पतालों में उन्हें खून की गंभीर बीमारी और कैंसर होने की भी आशंका जताई गई थी। आगे की जांच में पता चला कि उनकी तिल्ली (स्प्लीन) असामान्य रूप से काफी बड़ी हो चुकी थी। सदर अस्पताल रांची के सर्जरी विभाग में जांच के दौरान चिकित्सकों ने पाया कि मरीज गंभीर एनीमिया से पीड़ित थीं। उनका हीमोग्लोबिन स्तर मात्र 5 ग्राम प्रति डेसीलीटर के आसपास रहता था। बार-बार खून चढ़ाने के बावजूद कुछ ही दिनों में हीमोग्लोबिन फिर से घट जाता था। रिम्स में कराई गई एमआरआई जांच में तिल्ली का आकार लगभग 26×16 सेंटीमीटर पाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए ऑन्कोलॉजी विभाग के विशेषज्ञों से भी परामर्श लिया गया। विशेषज्ञों ने तिल्ली निकालने (स्प्लेनेक्टॉमी) और उसकी बायोप्सी कराने की सलाह दी। इसके बाद 15 जून 2026 को सदर अस्पताल रांची के सर्जरी विभाग ने लैप्रोस्कोपिक तकनीक की सहायता से सफल ऑपरेशन किया। ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा। ऑपरेशन के बाद निकाली गई तिल्ली का वजन लगभग 1.45 किलोग्राम तथा आकार 18×16 सेंटीमीटर पाया गया। ऑपरेशन के बाद मरीज का हीमोग्लोबिन बढ़कर 11.0 ग्राम प्रति डेसीलीटर हो गया, जिससे उनकी स्वास्थ्य स्थिति में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया। वर्तमान में मरीज पूरी तरह स्वस्थ हैं और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। यह पूरा उपचार आयुष्मान भारत योजन के तहत पूरी तरह निःशुल्क किया गया। इस सफल ऑपरेशन में सर्जन डॉ. अजीत कुमार, एनेस्थेटिस्ट डॉ वसुधा ,डॉ. प्रवीण, सिस्टर इंचार्ज नेली, ओटी असिस्टेंट संदीप, संतोष, सृष्टि, सरिता, तथा पूरी ऑपरेशन थिएटर टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सदर अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार एवं उपाधीक्षक डॉ बिमलेश सिंह ने सफल ऑपरेशन के लिए पूरी टीम को बधाई दी है। उन्होंने सुलोचना देवी के शीघ्र स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना करते हुए कहा कि सदर अस्पताल में आधुनिक तकनीक और विशेषज्ञ चिकित्सकों की बदौलत जटिल सर्जरी भी सफलतापूर्वक की जा रही हैं।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

सऊदी अरब में गिरिडीह के प्रवासी मजदूर की मौत: 9 दिनों से पड़ा है द्वारिका महतो का शव, टूट रही परिवार की उम्मीद

दिल्ली हेल्थ स्कैम: 650 करोड़ मामले में ACB का बड़ा एक्शन, 6 हिरासत में







