'बाल श्रम मुक्त यूपी' मिशन को रफ्तार, CM योगी करेंगे शुरुआत
लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में CM योगी होंगे शामिल, बच्चों के अधिकार और शिक्षा पर रहेगा विशेष जोर.

उत्तर प्रदेश सरकार ने वर्ष 2027 तक राज्य को बाल श्रम मुक्त बनाने के लक्ष्य को लेकर बड़ा अभियान शुरू किया है। इसकी शुरुआत शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय बाल श्रम निषेध दिवस के मौके पर लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित विशेष कार्यक्रम से होगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल होकर अभियान का शुभारंभ करेंगे।
सरकार का उद्देश्य लोगों को बाल श्रम के खिलाफ जागरूक करना और बच्चों के शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य तथा बेहतर भविष्य के अधिकारों के प्रति संवेदनशील बनाना है। श्रम एवं सेवायोजन विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों को स्कूलों से जोड़ने और उन्हें बाल श्रम से दूर रखने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञ बताएंगे कि कम उम्र में काम करने से बच्चों की पढ़ाई, स्वास्थ्य और मानसिक विकास पर क्या असर पड़ता है। साथ ही लोगों को यह भी समझाया जाएगा कि बाल श्रम कराना कानून के खिलाफ है और इसके लिए सजा का प्रावधान है।
सरकार चाहती है कि इस अभियान में आम लोग, अभिभावक, शिक्षक और सामाजिक संगठन भी सक्रिय भूमिका निभाएं। अधिकारियों का मानना है कि केवल सरकारी कार्रवाई से नहीं, बल्कि समाज के सहयोग से ही बाल श्रम जैसी समस्या को पूरी तरह खत्म किया जा सकता है।
इस अवसर पर श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर समेत विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









