चतरा शहादत चौक गोलीकांड का खुलासा, हजारीबाग भाग रहे 2 शातिर शूटर गिरफ्तार, कट्टा और कारतूस बरामद
चतरा के शहादत चौक गोलीकांड में पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हजारीबाग भाग रहे आरोपियों के पास से देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, चाकू और मोबाइल बरामद हुआ।

Chatra News: चतरा जिले के बहुचर्चित शहादत चौक गोलीकांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बीते 16 अगस्त को आपसी रंजिश के चलते एक युवक को सरेआम गोली मारकर घायल करने के मामले में पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को धर दबोचा है। पकड़े गए दोनों अपराधी पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए जिले से बाहर भागने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस की त्वरित और सटीक घेराबंदी ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।
कुल्लू मोड़ के पास घेराबंदी कर पल्सर सवार आरोपियों को पकड़ा
सदर एसडीपीओ सन्नी वर्धन के नेतृत्व में गठित विशेष पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि वारदात में शामिल अपराधी भागने की कोशिश कर रहे हैं। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने कुल्लू मोड़ के पास सघन चेकिंग और घेराबंदी की। इस दौरान पल्सर बाइक पर सवार होकर हजारीबाग की ओर भाग रहे मो० अकबर उर्फ रोहित और मो० समीर कुरैशी को पुलिस ने रंगे हाथों पकड़ लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, एक धारदार चाकू और मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुरानी रंजिश में शहजाद को मारी थी गोली
गौरतलब है कि 16 अगस्त को शहर के बिंड मोहल्ला स्थित शहादत चौक पर आपसी विवाद के दौरान मो० शहजाद नामक युवक को निशाना बनाकर गोली चलाई गई थी, जो उसकी जांघ में जा लगी थी। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया था कि वारदात के वक्त अकबर ने शहजाद को पकड़ रखा था, जिसके बाद उस पर फायरिंग की गई थी।
लंबा रहा है आपराधिक इतिहास, आगे की जांच तेज
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों का पहले से ही आपराधिक इतिहास रहा है और वे इलाके में कई मामलों में संलिप्त रहे हैं। घटना के बाद से ही पुलिस लगातार इन दोनों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। दोनों शूटरों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उनसे जुड़े अन्य संपर्कों और मामले के बाकी पहलुओं की भी गहनता से तफ्तीश कर रही है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









