गिरिडीह में कोहराम: गोलगप्पे खाने से 18 बच्चे हुए फूड पॉइजनिंग का शिकार, एक की मौत
गिरिडीह के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बजटों गांव में दूषित गोलगप्पे और छोला खाने से 18 बच्चे बीमार हो गए, जबकि 6 वर्षीय एक मासूम की मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही डीसी और एसडीएम सहित कई आला अधिकारी सदर अस्पताल पहुंचे और बीमारों का हाल जाना.

Giridih, Jharkhand: जिले के मुफ्फसिल थाना इलाके के बजटों गांव में रविवार की शाम उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब दूषित खाद्य पदार्थ खाने से बड़ी संख्या में बच्चे और ग्रामीण बीमार पड़ गए. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस फूड पॉइजनिंग की चपेट में आने से 18 बच्चों की स्थिति गंभीर हो गई, जबकि 6 वर्षीय बालक रंजन कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई. सभी पीड़ितों को आनन-फानन में गिरिडीह सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
प्रशासनिक अमला पहुंचा अस्पताल
घटना की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त (DC) रामनिवास यादव, सदर एसडीएम श्रीकांत यशवंत और एसडीपीओ जितवाहन उरांव तुरंत सदर अस्पताल पहुंचे. अधिकारियों ने मेडिकल टीम को मुस्तैद रहने और बीमार बच्चों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के कड़े निर्देश दिए. डीसी ने पुष्टि की कि फिलहाल 18 बच्चों का इलाज चल रहा है और स्थिति पर पैनी नजर रखी जा रही है.
गोलगप्पे और छोले ने बिगाड़ी तबीयत
अस्पताल में भर्ती एक बीमार महिला ने बताया कि शनिवार की शाम गांव में एक फेरीवाला गोलगप्पे और छोले बेचने आया था. गांव के अधिकांश बच्चों और कुछ बड़ों ने उसका सेवन किया. इसके बाद शनिवार की देर रात से ही लोगों को तेज उल्टी और दस्त की शिकायत शुरू हो गई. देखते ही देखते बीमारों की संख्या बढ़ने लगी, जिससे गांव में हड़कंप मच गया.
जांच के घेरे में खाद्य सामग्री
प्रशासन अब उस ठेले वाले की पहचान करने और खाद्य सामग्री के नमूनों की जांच कराने की तैयारी में है. ग्रामीणों का कहना है कि वह फेरीवाला अक्सर गांव में आता था. इस घटना ने एक बार फिर खुले में बिकने वाले दूषित खाद्य पदार्थों और उनसे होने वाले स्वास्थ्य खतरों पर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में भी कैंप कर रही है ताकि अन्य संभावित मरीजों की पहचान की जा सके.
Report By - Manoj Kumar Pintu
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

गढ़वाः अलकतरा घोटाला में सजा होने के भय से मानसिक संतुलन खो चुके हैं विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी: JMM

SIR को लेकर Giridih Congress का मधुबन में प्रशिक्षण कार्यक्रम, कार्यकर्ता रहें सतर्क, कट न पाए एक भी वोटर का नाम







