शहर में बढ़ेगी सुरक्षा की निगरानी, प्रमुख चौक-चौराहों पर लगेंगे अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे
उपायुक्त ने बताया कि नवंबर 2024 में अनाबद्ध निधि के तहत शहर में 113 सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए थे।

मेदिनीनगर: शहर में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल शुरू कर दी है। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने शुक्रवार को अपने कार्यालय कक्ष में शहर के विभिन्न चौक-चौराहों, गलियों एवं प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाने को लेकर समीक्षा बैठक की।
बैठक में उपायुक्त ने बताया कि नवंबर 2024 में अनाबद्ध निधि के तहत शहर में 113 सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए थे। उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम से वर्तमान में संचालित और खराब पड़े कैमरों की जानकारी ली तथा सभी कैमरों के नियमित रखरखाव और निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने नगर निगम के सिटी मैनेजरों को निर्देश दिया कि शहर के प्रमुख स्थानों, संवेदनशील क्षेत्रों, गलियों और मुख्य मार्गों का विस्तृत सर्वेक्षण एक सप्ताह के भीतर पूरा करें। उन्होंने सर्वेक्षण कार्य में संबंधित थाना प्रभारियों के साथ समन्वय स्थापित करने और शहर के एग्जिट प्वाइंट्स व महत्वपूर्ण आवागमन मार्गों को प्राथमिकता देने को कहा।
बैठक में विभिन्न स्थानों की आवश्यकता के अनुरूप अलग-अलग प्रकार के सीसीटीवी कैमरे लगाने पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी रणबीर सिंह को तकनीकी टीम के साथ समन्वय स्थापित कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त श्री शेखावत ने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य शहर में प्रभावी निगरानी तंत्र विकसित करना, अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखना और आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने कैमरों के अधिष्ठापन के बाद उनकी सुरक्षा एवं रखरखाव पर भी विशेष ध्यान देने की बात कही।
बैठक में सदर एसडीएम सुलोचना मीणा, जिला योजना पदाधिकारी शिशिर तिग्गा, शहर थाना प्रभारी, विभिन्न सिटी मैनेजर समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

गोड्डा के इस थाना प्रभारी की चर्चा जोरों पर: कभी हेलमेट चेकिंग.. कभी रुद्राभिषेक करते आते हैं नजर

चतरा सदर अस्पताल में ICU वार्ड की शुरुआत, गंभीर रूप से बीमार मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत







