गिरिडीह में खूनी रंजिश: स्कॉर्पियो चालक की बेरहमी से हत्या, पांच नामजद आरोपी फरार
गिरिडीह के नगर और पचम्बा थाना क्षेत्र के सीमावर्ती इलाके में मंगलवार तड़के एक स्कॉर्पियो चालक तौफीक अंसारी की हत्या कर दी गई। पुरानी रंजिश के चलते पांच आरोपियों ने उसे जाल बिछाकर बुलाया और हथियार से वार कर मौत के घाट उतार दिया।

Giridih, Jharkhand: जिले के भंडारीडीह और आजाद नगर के सीमावर्ती इलाके में मंगलवार की सुबह तड़के हुई एक हत्या की वारदात ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। नगर थाना क्षेत्र के भंडारीडीह निवासी 35 वर्षीय स्कॉर्पियो चालक तौफीक अंसारी की पांच आरोपियों ने मिलकर निर्मम हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
साजिश के तहत बुलाया, फिर किया हमला
मृतक के भाई रोशन अंसारी के अनुसार, तौफीक को देर रात आरोपियों ने फोन कर बुलाया था। परिजनों के पूछने पर वह 'जल्द लौटने' की बात कहकर घर से निकला था। तौफीक अपने तीन साथियों के साथ बताए गए लोकेशन पर पहुंचा, जहाँ पहले से घात लगाए पांचों आरोपी हथियारों के साथ मौजूद थे। जैसे ही तौफीक वहां पहुंचा, आरोपियों ने उस पर हमला बोल दिया। तौफीक के साथ आए साथी आरोपियों की संख्या और हथियार देखकर जान बचाकर भाग निकले, जिसके बाद आरोपियों ने अकेले पाकर तौफीक को मौत के घाट उतार दिया।
पुरानी रंजिश और नामजद आरोपी
मृतक के परिजनों ने पचम्बा और मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के रहने वाले पांच युवकों—बंटी उर्फ टायसन, आसिफ अली, मोनू पठान, मोहम्मद अरशद और मोहम्मद साकिब पर हत्या का सीधा आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि इनके बीच पुरानी रंजिश चल रही थी। चर्चा यह भी है कि वारदात के दौरान गोली चलाई गई, हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मृतक के शरीर पर धारदार और भारी हथियारों के कई गहरे निशान मिले हैं।
पुलिस की कार्रवाई और फरार आरोपी
घटना के बाद से ही सभी पांचों आरोपी फरार हैं। पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के लिए संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है। नगर थाना पुलिस का कहना है कि पुरानी रंजिश समेत सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को दबोच लिया जाएगा। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Report By - Manoj Kumar Pintu
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

शादी के दो दिन बाद बाजार से गहने लेकर रफूचक्कर हो गई लुटेरी दुल्हन, डेढ़ लाख लेकर बिचौलिये ने कराई थी शादी

चतरा पुलिस को बड़ी सफलता : पंजाब के दो तस्करों समेत चार तस्कर गिरफ्तार







