गोड्डा में बाइक चोर गिरोह का खुलासा, 2 आरोपी गिरफ्तार ; 13 चोरी की बाइक और मास्टर चाबी बरामद
गोड्डा पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।


Godda: गोड्डा पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर अलग-अलग मामलों में चोरी की गई 13 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इसके अलावा बाइक चोरी में इस्तेमाल की जाने वाली मास्टर चाबी और दो मोबाइल फोन भी पुलिस के हाथ लगे हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहेबगंज के नगर थाना क्षेत्र स्थित पुरानी साहेबगंज कुम्हार टोला निवासी भोला पंडित (30) और बिहार के भागलपुर जिले के कहलगांव थाना क्षेत्र के रामराय बाग, खूंटहरी निवासी अभिषेक कुमार (19) के रूप में हुई है।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
पुलिस के अनुसार, SP गोड्डा को गुप्त सूचना मिली थी कि मेहरमा थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं में संलिप्त भोला पंडित अपने साथी अभिषेक कुमार के साथ बाइक चोरी करने के लिए भगैया इलाके में पहुंचा है।
सूचना के बाद SP के निर्देश पर विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों संदिग्धों को पकड़ा और पूछताछ शुरू की।
गोड्डा से साहेबगंज और भागलपुर तक फैला था नेटवर्क
पूछताछ में पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने बताया कि वे झारखंड के गोड्डा और साहेबगंज जिले के अलावा बिहार के भागलपुर जिले के अलग-अलग इलाकों से मोटरसाइकिल चोरी करते थे। चोरी की गई बाइक को भागलपुर जिले के आसपास के इलाकों में ले जाकर अनजान लोगों को बेचने की बात सामने आई है।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग मामलों में चोरी हुई 13 मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल की जाने वाली एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
बरामद हुईं 13 बाइक और मास्टर चाबी
पुलिस ने आरोपियों के पास से 6 Hero Splendor Plus, 4 Hero Super Splendor, 2 Hero Glamour और 1 Hero HF Deluxe मोटरसाइकिल बरामद की है। इसके अलावा 2 मास्टर चाबी और Vivo कंपनी के 2 मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
भोला पंडित पर कई मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी भोला पंडित का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ मेहरमा, महागामा, कहलगांव, बोरियो (जिरवाबाड़ी), नगर थाना साहेबगंज, बोआरीजोर और ललमटिया थानों में चोरी, डकैती, हथियार और अन्य आपराधिक मामलों से संबंधित कई केस दर्ज हैं।
वहीं अभिषेक कुमार के खिलाफ भी मेहरमा, बोआरीजोर और ललमटिया थाना क्षेत्रों में मोटरसाइकिल चोरी से जुड़े कई मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
विशेष छापामारी टीम ने की कार्रवाई
कार्रवाई में मेहरमा थाना प्रभारी SI सौरभ कुमार ठाकुर के नेतृत्व में बोआरीजोर थाना प्रभारी SI आशीष कुमार यादव, बलबड्डा थाना प्रभारी SI पंकज कुमार सिंह, ठाकुरगंगटी थाना प्रभारी SI राजन कुमार राम, बसंतराय थाना प्रभारी SI सत्यदीप, हनवारा थाना प्रभारी SI विकास कुमार समेत मेहरमा थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी और रिजर्व गार्ड शामिल रहे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है। बरामद मोटरसाइकिलों को अलग-अलग मामलों से जोड़कर जांच की जा रही है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी की गई अन्य बाइक के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

'पति आरोपी तो पत्नी की गाड़ी आतंकी संपत्ति नहीं!', आम्रपाली-मगध कोयला लेवी केस में JH हाईकोर्ट का बड़ा फैसला

"गोली मारी, फिर भट्ठी में जलाया...", रांची में डायन-बिसाही मामले में आरोपी निरंजन अहीर को नहीं मिली राहत







