Bihar (East Champaran): पूर्वी चंपारण जिले के हरसिद्धि थाना क्षेत्र अंतर्गत पानापुर तदवा गांव निवासी प्रभु सहनी को पुलिस ने प्रेमी जोड़े की मौत से जुड़े हत्या मामले में गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अग्रिम कार्रवाई के लिए सुगौली भेजा गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में मोतिहारी जेल भेज दिया गया.
मिली जानकारी के अनुसार, सुगौली थाना क्षेत्र के बौधा चेवर से पुलिस ने कुछ दिन पहले एक प्रेमी जोड़े के शव पेड़ से लटके हुए बरामद किए थे. मृतकों की पहचान हरसिद्धि थाना क्षेत्र निवासी 20 वर्षीय लखन कुमार और 17 वर्षीय निकू कुमारी के रूप में हुई थी. दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है, जबकि आपसी रिश्ते में वे चाचा-भतीजी लगते थे.
इस मामले में लखन कुमार की मां इंदु देवी ने हरसिद्धि थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी. उन्होंने आरोप लगाया था कि प्रभु सहनी समेत कई लोगों ने उनकी पुत्री के साथ मिलकर उनके बेटे की हत्या कर दी. प्राथमिकी में कुल सात लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है.
परिजनों के अनुसार, 5 जनवरी की शाम लखन कुमार घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा. काफी खोजबीन के बाद अगले दिन उसका शव पेड़ से लटका मिला. मृतक की मां ने आरोप लगाया था कि पहले से चल रहे जमीन विवाद के कारण उनके बेटे की हत्या की गई.
पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी प्रभु सहनी को गिरफ्तार कर लिया है. मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
रिपोर्ट: प्रतीक सिंह









