रक्षाबंधन पर मोतिहारी पुलिस का बड़ा तोहफा! ‘ऑपरेशन मुस्कान’ ने 102 लोगों के चेहरे पर लौटाई खुशी
रक्षाबंधन पर मोतिहारी पुलिस ने 102 लोगों को बड़ा तोहफा दिया। ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत चोरी और गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए।


मोतिहारी: रक्षाबंधन के पावन अवसर पर मोतिहारी पुलिस ने 102 लोगों को ऐसा तोहफा दिया, जिसकी उन्हें लंबे समय से तलाश थी। ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत पुलिस ने चोरी या गुम हुए करीब 102 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिए। मोबाइल हाथ में आते ही लोगों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई।
संचार साथी से मिली जानकारी, पुलिस ने शुरू की तलाश
जिन लोगों के मोबाइल फोन चोरी या गुम हुए थे, उन्होंने संचार साथी पोर्टल/ऐप के माध्यम से इसकी जानकारी पुलिस को दी थी। इसके बाद एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर पुलिस की आईटी सेल ने तकनीकी माध्यमों से मोबाइल फोन की तलाश शुरू की। लगातार प्रयास और तकनीकी जांच के बाद पुलिस टीम ने करीब 102 मोबाइल फोन बरामद किए।
रक्षाबंधन पर पुलिस भवन में लौटाए गए मोबाइल
रक्षाबंधन के मौके पर पुलिस भवन में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसी दौरान बरामद किए गए मोबाइल फोन उनके वास्तविक धारकों को सौंपे गए। मोबाइल वापस पाने वालों में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली। कई लोगों के लिए मोबाइल की वापसी सिर्फ आर्थिक राहत नहीं, बल्कि उसमें मौजूद जरूरी संपर्क और व्यक्तिगत डेटा वापस मिलने की वजह से भी बेहद महत्वपूर्ण रही।
‘ऑपरेशन मुस्कान’ आगे भी रहेगा जारी
SP स्वर्ण प्रभात ने बताया कि पुलिस ने लाखों रुपये मूल्य के मोबाइल फोन बरामद किए हैं। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर लोगों के खोए हुए मोबाइल वापस करना पुलिस के लिए भी खुशी की बात है। एसपी ने स्पष्ट किया कि लोगों की शिकायतों पर तकनीकी माध्यम से कार्रवाई का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। पुलिस का प्रयास है कि चोरी या गुम हुए मोबाइल को जल्द से जल्द बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाया जा सके।
(मोतिहारी से प्रतिक सिंह की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

भाई की कलाई नहीं, पेड़ को बांधी राखी! बिहारशरीफ में अनोखा रक्षाबंधन

पुनपुन नदी पर बराज की मांग को लेकर किसानों का बड़ा आंदोलन, अनिश्चितकालीन धरना शुरू







