Begusarai: पंद्रह साल के बच्चे की गोली मारकर हत्या, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
बेगुसराय का रहने वाला 15 वर्षीय विष्णु अपने खेत का निरीक्षण कर देर शाम घर लौट रहा था. तभी घात लगाए बदमाशों ने उसपर गोली चला दी और विष्णु की मौके पर ही मौत हो गई.

Bihar (Begusarai): गौड़ा पंचायत में मंगलवार की शाम बदमाशों ने गोली मार कर दसवीं कक्षा के एक बच्चे की हत्या कर दी. घटना की सूचना मिलते ही घर वालों में सनसनी फैल गई. घटनास्थल पर एसपी मनीष सहित तेघड़ा एसडीपीओ थानाध्यक्ष अपने दलबल के साथ पहुंचकर जांच पड़ताल में जुट गए हैं.
ग्रामीणों ने बताया कि गौड़ा निवासी गंगा साव के पौत्र व जितेन्द्र साव के पुत्र 15 वर्षीय विष्णु कुमार अपने खेत देखकर लौट रहा था. चौड़ में ही घात लगाए बदमाशों ने विष्णु कुमार को बंदूक का निशाना बना लिया. बच्चे को एक गोली छाती के करीब लगी और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई.
इस हत्या के कारण खबर लिखे जाने तक स्पष्ट नहीं हो सके हैं. ग्रामीणों में छोटी सी उम्र में बच्चे की हत्या के पीछे के कारणों पर तरह-तरह की चर्चाएं की जा रही हैं. कई ग्रामीणों ने बताया कि चौड़ में सुनसान रहने के कारण बदमाशों का जमावड़ा रहता है. ऐसे में किसी अनहोनी घटना की संभावना बनी रहती है.
गौरतलब है कि जितेन्द्र साव के तीन पुत्रों में विष्णु सबसे छोटा था. वह नवमी पास कर इस बार दसवीं कक्षा में दाखिल हुआ था. अपने पुत्र की हत्या की खबर सुनकर मां बिलख रही है, परिवार का इस मातमी हालात में रो-रोकर बुरा हाल है.
एसपी ने बताया कि घटना में शामिल बदमाशों की शिनाख्त की जा रही है. उसके संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी भी की जा रही है.
रिपोर्ट: बबलू
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

मोतिहारी में सरला ब्रह्मा बाल विद्या मंदिर का 51वां वार्षिकोत्सव धूमधाम से संपन्न, बच्चों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन

मोतिहारी में खेलते-खेलते पानी से भरे गहरे गड्ढे में जा गिरे दो मासूम बच्चे, डूबने से मौत







