Jharkhand Budget 2026: झारखंड विधानसभा में वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 1 लाख 58 हजार 560 करोड़ रुपए का अबुआ दिशोम बजट पेश किया. इसके बाद सदन की कार्यवाही बुधवार (25 फरवरी 2026) की सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई. सदन की कार्यवाही स्थगित होने के बाद विधानसभा परिसर में RIMS 2 निर्माण के जमीन विवाद पर स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी एक दूसरे के आमने सामने आ गए. इरफान अंसारी ने कहा कि आदिवासी हित के मुद्दे पर आप कुछ नहीं बोलते हैं. लेकिन राज्यहित में जो अस्पताल बन रहा है उसपर आप राजनीति कर रहे हैं. आपसे अनुरोध है कि आप सहयोग कीजिए राजनीति नहीं.
दरअसल, आपको बता दें, चतरा में हुए चार्टर एयर एंबुलेंस क्रैश मामले को लेकर इरफान अंसारी मीडिया के समक्ष अपनी बात रख रहे थे इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य में हमारे पास अगर हॉस्पिटल होता तो, आज ये दिन देखने को नहीं मिलता. स्वास्थ्य के क्षेत्र में विपक्ष के साथियों से आग्रह है कि वे राजनीति न करें. बल्कि राज्य में हेल्थ को सुधारने में मदद करें, राज्य में एक अच्छे हॉस्पिटल की जरूरत है ताकि लोगों को इलाज के लिए दूसरे राज्यों में जाना न पड़े. रिम्स 2 बनाने की बात होती है तो आप जमीन की बात करते हैं. कि नहीं देंगे. सभी से विनती है कि काम में बाधा न डालें रिम्स 2 को बनने दें. वर्ना हमेशा इस तरह की घटनाएं घटती रहेगी. इरफान अंसारी ने कहा कि अहमदाबाद में एयर इंडिया का प्लेन क्रैश हुआ, मुंबई में चार्टर प्लेन क्रैश हुआ और अब झारखंड में भी चार्टर प्लेन दुर्घाटनाग्रस्त का शिकार हुआ.
आमने-सामने एक दूसरे को क्या बोले बाबूलाल-इरफान
इरफान अंसारी की मीडिया से बातचीत के दौरान ही बाबूलाल मरांडी भी वहां गए. जाने इरफान अंसारी ने बाबूलाल मरांडी से और बाबूलाल ने इरफान अंसारी से क्या-क्या कहा...
इरफान - सर अगर आपलोग RIMS 2 का विरोध नहीं कर रहे होते तो जान बच जाती. आप लोगों के विरोध की वजह से रिम्स नहीं बना पा रहे. आज हमने जो दृश्य देखा उससे मन विचलित हो गया.
बाबूलाल- RIMS का विरोध थोड़े कर रहे, हमलोग स्थान उस जमीन का विरोध कर रहे हैं. आप वहां से 10 किलो मीटर दूर हटकर बनाइए.
इरफान - उसके लिए कम्युनिकेशन भी तो देखना पड़ेगा.
इरफान (तीखे अंदाज में) - जब आदिवासी के जमीन पर विधानसभा और हाईकोर्ट बन रहा था तब तो आपने विरोध नहीं किया और अब राज्य के लिए रिम्स 2 बनवाना चाह रहे तो विरोध कर रहे.
बाबूलाल- जब विधानसभा और हाईकोर्ट बन रहा था आपको विरोध करना चाहिए था.
रिपोर्ट- नवीन शर्मा








