नवादा में HPCL पेट्रोल पंप की मनमानी, पत्रकार से गाली-गलौज व पेट्रोल देने से इनकार का आरोप
नवादा जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र स्थित एक HPCL पेट्रोल पंप पर मनमानी, अभद्र व्यवहार और जबरन महंगा पेट्रोल देने के आरोप सामने आए हैं. पीड़ित पत्रकार ने पूरे मामले की शिकायत पुलिस व संबंधित अधिकारियों से की है और कार्रवाई की मांग की है.

Nawada, Bihar : बिहार के नवादा जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पेट्रोल पंप संचालक पर मनमानी, गाली-गलौज और ग्राहकों को जबरन महंगा पेट्रोल देने का आरोप लगा है. यह घटना 28 मई 2026 की शाम नारदीगंज थाना क्षेत्र के MS DEO AND BEDAMI FUELS पेट्रोल पंप की बताई जा रही है.
पीड़ित पत्रकार सोनू सिंह के अनुसार, वे अपने दो साथियों के साथ राजगीर मलमास मेला जा रहे थे. इसी दौरान नारदीगंज स्थित उक्त पेट्रोल पंप पर फ्यूल लेने पहुंचे. वहां दो तरह के पेट्रोल उपलब्ध थे एक 114.25 रुपये प्रति लीटर और दूसरा पावर प्रीमियम पेट्रोल 123.88 रुपये प्रति लीटर.
जबरन महंगा पेट्रोल देने का आरोप
आरोप है कि जब उन्होंने सस्ता पेट्रोल देने को कहा तो पंप कर्मियों ने स्टॉक कम होने का हवाला देते हुए मना कर दिया और जबरन महंगा पेट्रोल लेने का दबाव बनाया. विरोध करने पर एक व्यक्ति, जो खुद को मैनेजर बता रहा था, ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया और वीडियो बनाने से रोकते हुए धमकी दी.
गाली-गालौज, धमकी और मारपीट की कोशिश
पत्रकार का आरोप है कि उनके साथ गाली-गलौज की गई, उन्हें धमकाया गया और यहां तक कि मारपीट की कोशिश भी हुई. इस दौरान पंप कर्मियों द्वारा पुलिस में झूठी शिकायत करने की भी धमकी दी गई.
पीड़ित ने बताया कि काफी विवाद के बाद उन्हें शाम 9:09 बजे 571.25 रुपये का पेट्रोल दिया गया, जिसे 5 लीटर बताया गया. उन्होंने इसमें भी गड़बड़ी और राशि में अनियमितता का आरोप लगाया है.
वीडियो बनाने के बाद स्थिति सामान्य
उन्होंने यह भी कहा कि घटना के समय पेट्रोल पंप पर भीड़ नहीं थी, लेकिन वीडियो बनाने के बाद अचानक पेट्रोल की बिक्री सामान्य हो गई और अन्य ग्राहकों को भी पेट्रोल मिलने लगा.
CCTV फुटेज से सच्चाई आएगी सामने
घटना की सूचना उसी शाम 8:57 बजे नारदीगंज थाना के SHO को दी गई. पीड़ित ने मांग की है कि 28 मई की शाम 8:30 से 9:19 बजे तक का CCTV फुटेज जांचा जाए, जिससे सच्चाई सामने आ सके.
प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग
पत्रकार ने संबंधित कंपनी और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि यदि 24 से 48 घंटे के भीतर संतोषजनक कार्रवाई नहीं होती है, तो वे PG पोर्टल पर शिकायत दर्ज करेंगे और इस मामले को मीडिया में व्यापक रूप से उठाएंगे.
मामले ने पेट्रोल पंप संचालन की पारदर्शिता और ग्राहक अधिकारों पर सवाल खड़े कर दिए हैं. अब देखना होगा कि प्रशासन इस पर क्या कार्रवाई करता है.
(नवादा से सोनू सिंह की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









