झारखंड के युवाओं को मिली सरकारी नौकरी: रोजगार मेला में 132 अभ्यर्थियों को सौंपे गए नियुक्ति पत्र
प्रधानमंत्री रोजगार मेला के 19वें चरण के तहत देशभर के 51,000 से अधिक युवाओं को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नियुक्ति पत्र सौंपे गए. इसी कड़ी में राँची के दरभंगा हाउस में आयोजित भव्य कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने 132 सफल अभ्यर्थियों को जॉइनिंग लेटर वितरित किए.

Ranchi, Jharkhand: देश के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के संकल्प के साथ प्रधानमंत्री रोजगार मेला (19वां चरण) देश भर के 47 स्थानों के साथ-साथ झारखंड में भी धूमधाम से आयोजित किया गया. इस महाभियान के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देश भर के 51,000 से अधिक नवनियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए. झारखंड की राजधानी राँची में भी इस योजना का सीधा लाभ युवाओं को मिला, जहाँ विभिन्न सरकारी विभागों के लिए चयनित 132 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए.
विकसित भारत के ब्रांड एंबेसडर होंगे युवा: संजय सेठ
राँची के सीसीएल (CCL) स्थित दरभंगा हाउस में आयोजित इस गरिमामयी कार्यक्रम में केन्द्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ, स्थानीय विधायक सीपी सिंह और राँची रेल मंडल के डीआरएम करुणा निधि सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे. इन अतिथियों ने संयुक्त रूप से चयनित अभ्यर्थियों के बीच नियुक्ति पत्रों का वितरण किया. इस अवसर पर केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने कहा, "नियुक्ति पत्र पाने वाले ये सभी युवा कल के 'विकसित भारत' के ब्रांड एंबेसडर होंगे. पीएम मोदी जो कहते हैं, वह करके दिखाते हैं." उन्होंने आगे कहा कि यह युवाओं का सौभाग्य है कि खुद प्रधानमंत्री के हस्ताक्षर वाला नियुक्ति पत्र उन्हें प्राप्त हुआ है.

सपना पूरा होने जैसा है सरकारी नौकरी: अभ्यर्थी
नियुक्ति पत्र पाकर युवाओं के चेहरे खिल उठे और कार्यक्रम स्थल पर जश्न का माहौल देखा गया. समारोह के बाद मीडिया से बात करते हुए चयनित अभ्यर्थियों ने प्रधानमंत्री और केंद्र सरकार का आभार जताया. अभ्यर्थियों का कहना था कि आज के दौर में सरकारी नौकरी मिलना किसी सपने के सच होने जैसा है. उन्होंने देश सेवा और प्रशासनिक कार्यों में अपनी पूरी ईमानदारी और निष्ठा से योगदान देने का संकल्प लिया.
(रांची से तनय खंडेलवाल की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

रांची में खोरठा भाषा पर पहला राष्ट्रीय सेमिनार आयोजित, संरक्षण और डिजिटलीकरण पर जोर

मारपीट और छिनतई के आरोपी की रिहाई को लेकर गिरिडीह भाजपा दे रही धरना







