Hazaribag News: झारखंड के कई जिलों में हाथियों का आंतक थमने का नाम नहीं ले रहा है. हाल ही के दिनों जंगली हाथियों ने बोकारो में कई लोगों को मौत के घाट उतारा था अब हाथियों ने हजारीबाग जिले में जमकर उत्पात मचाया है. और 6 लोगों को रौंदकर मार डाला है.
बता दें, यह पूरा मामला जिले के चुरचू प्रखंड क्षेत्र स्थित गोंदवार गांव है जहां 12 फरवरी 2026 (गुरुवार) की रात हाथियों ने 6 लोगों को रौंदकर उन्हें मौत के घाट उतार दिया है. मृतकों में 4 लोग एक ही परिवार के सदस्य है. हाथी के हमले से घायल एक की इलाज के दौरान मौत हुई. इस घटना से पूरे गांव में कोहराम मचा है साथ ही हाथियों के आतंक से गांव में लोग दहशत में हैं.
हाथियों के आक्रमण से भयभीत ग्रामीण अपने घरों में दुबक रहे हैं. लेकिन रातजग्गा करने को मजबूर हैं. हजारीबाग पूर्वी वन प्रमंडल क्षेत्र के डीएफओ विकास कुमार उज्ज्वल ने इस घटना की पुष्टि की है. हाथियों से खुद के बचाव को लेकर वन विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की अपील की है. घटना वाले इलाकों में माइकिंग (माइक के जरिए) कर लोगों को जागरूक करने का काम भी किया जा रहा है.
इससे पहले हाथियों ने बोकारो में मचाया उत्पात
बता दें, बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड में बीते दिनों जंगली हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया था और कई लोगों को अपनी चपेट में लेकर उन्हें मार डाला था. इसमें महुआटांड़ पंचायत के गांगपुर गांव में 6 फरवरी 2026 (शुक्रवार) की देर शाम हाथियों ने दो लोगों (सोमर साव (50 वर्ष) और उनके पोते आयुष कुमार (9 वर्ष))को रौंदकर मारा था. जबकि इस हाथियों के इस हमले में 4 अन्य लोग घायल हुए थे जिन्हें इलाज के लिए रिम्स में भर्ता कराया गया था. जहां उनसे मुलाकात करने गोमिया विधायक सह उत्पाद मंत्री योगेंद्र प्रसाद यादव और सूबे के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी उनका हाल जानने हॉस्पिटल पहुंचे थे.
5 फरवरी को 3 लोगों को रौंदकर मारा
जबकि इससे पहले 5 फरवरी की अहले सुबह भी जंगली हाथियों के एक झुंड ने गोमिया प्रखंड के महुआटांड़ थाना इलाके स्थित बड़कीपुन्नू करमाली टोला में जमकर उत्पात मचाया था. यहां हाथियों ने एक ही परिवार के तीन लोगों (दो महिला और एक पुरूष) को रौंदकर मार डाला था. रिपोर्ट्स के मुताबिक, जंगली हाथियों का झुंड अचानक गुरुवार (5 फरवरी 2026) की सुबह गांव में घुस आया. और इसके बाद हाथियों ने एक ही परिवार के तीन लोगों को कुचल कर मार डाला. हाथियों के इस हमले में गंगा करमाली (65 वर्ष), पत्नी कमली देवी (62 वर्ष) और बड़ी गौतनी भकिया देवी (65 वर्ष) की मौत हुई थी.
रिपोर्ट- आशीष सिन्हा









