नोएडा सेक्टर-119 की सोसायटी में एसी ब्लास्ट से लगी आग, मची अफरा-तफरी
एसी में विस्फोट के बाद तीन फ्लैट प्रभावित, छह दमकल गाड़ियों और पुलिस टीम ने मिलकर आग पर पाया काबू

नोएडा के सेक्टर-119 स्थित अरान्या सोसायटी में सोमवार सुबह AC में विस्फोट होने के बाद भीषण आग लग गई। यह घटना सुबह करीब 8:50 बजे हुई, जब 21वीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में अचानक आग भड़क उठी। आग तेजी से फैलते हुए आसपास के अन्य फ्लैटों तक पहुंच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की छह गाड़ियां, पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के घायल होने या जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। प्रभावित परिवार समय रहते फ्लैट खाली कर सुरक्षित बाहर निकल गया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार आग AC यूनिट में हुए विस्फोट के कारण लगी। दमकल कर्मियों की तीन टीमों ने करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। अधिकारियों के अनुसार आग को अन्य हिस्सों में फैलने से रोक दिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद पूरे इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा और लोगों को एहतियात के तौर पर सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचने और राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रशासन को सतर्क रहने, राहत कार्यों की लगातार निगरानी करने और जरूरत पड़ने पर तुरंत सहायता उपलब्ध कराने को कहा। फायर विभाग ने एक बार फिर हाई-राइज इमारतों में फायर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत पर जोर दिया है। आग लगने के सही कारणों की जांच की जा रही है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

पिलीभीत को आज मिलेगी विकास की नई सौगात, CM योगी करेंगे कई परियोजनाओं की शुरुआत

Lucknow: 71 सीवर मैनहोल होंगे सुरक्षित, बिजली के केबल हटाने के CM योगी ने दिए निर्देश







