JPSC घोटाले में अभय तिवारी की बेल खारिज, उमेश कुमार को भी राहत नहीं, कोर्ट ने माना मामला गंभीर
14वीं JPSC परीक्षा में हुई भारी गड़बड़ी के मामले में जेल में बंद मुख्य मास्टरमाइंड अभय तिवारी और उमेश कुमार को अदालत से बहुत बड़ा झटका लगा है।
Ranchi: 14वीं JPSC परीक्षा में हुई भारी गड़बड़ी के मामले में जेल में बंद मुख्य मास्टरमाइंड अभय तिवारी और उमेश कुमार को अदालत से बहुत बड़ा झटका लगा है। अपर न्यायायुक्त योगेश कुमार की अदालत ने दोनों आरोपियों की जमानत याचिका पूरी तरह खारिज कर दी है। अदालत ने इस मामले में सुनवाई पूरी करने के बाद पहले फैसला सुरक्षित रख लिया था, जिसे अब सुनाते हुए राहत देने से साफ इनकार कर दिया गया है।
रिश्तेदारों और अभ्यर्थियों से पैसे लेकर नौकरी दिलाने का आरोप
मामले के मुख्य आरोपी अभय तिवारी का पुराना आपराधिक नेटवर्क काफी चौंकाने वाला रहा है। वह परीक्षा कराने वाली एजेंसी TDPL में मार्केटिंग मैनेजर के पद पर काम कर चुका है। जांच एजेंसियों के मुताबिक उस पर अपने करीबियों और रिश्तेदारों के अलावा राज्य भर के कई अभ्यर्थियों से मोटी रकम लेकर उन्हें नौकरी दिलाने का संगीन आरोप है। इसी आधार पर अदालत ने अपराध की गंभीरता को देखते हुए उसे जमानत देने से मना कर दिया।
पूर्व चेयरमैन एल ख्यांग्ते की भूमिका पर बड़ा खुलासा
CID ने परीक्षा में धांधली को लेकर कांड संख्या 16/2026 दर्ज कर अपनी कार्रवाई शुरू की थी। इस पूरे घोटाले के किंगपिन अभय तिवारी ने CID के सामने दिए अपने बयान में जेपीएससी के पूर्व चेयरमैन एल ख्यांग्ते की मिलीभगत की बात भी कही है। उसने खुलासा किया है कि ब्लैक लिस्टेड कंपनी TDPL को परीक्षा आयोजित करने का जिम्मा दिलाने में पूर्व चेयरमैन की अहम भूमिका रही थी। इसी जांच की कड़ी में पूर्व चेयरमैन को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
गोड्डा से हुई थी गिरफ्तारी, 20 से ज्यादा आरोपी सलाखों के पीछे
14वीं JPSC में गड़बड़ी की परतें खुलने के बाद CID और रांची पुलिस की टीम ने 22 जुलाई को अभय तिवारी को गोड्डा से गिरफ्तार किया था। वह उस समय गोड्डा जिले के खाद्य आपूर्ति विभाग में पदस्थापित था। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि वह विवादित एजेंसी TDPL में रहते हुए खुद चार बार JPSC की परीक्षा पास कर चुका था। परीक्षा में हुए इस बड़े फर्जीवाड़े में जांच एजेंसी अब तक 20 से ज्यादा आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

रोलागुटू मर्डर केस में पुलिस की बड़ी सफलता, खूंटी पुलिस ने बुढ़मू से भीम सिंह को किया गिरफ्तार

महिला की जमीन पर रातों-रात बना दी दीवार!, रामगढ़ में DC के पास पहुंचा कब्जा और धमकी का मामला







