रोलागुटू मर्डर केस में पुलिस की बड़ी सफलता, खूंटी पुलिस ने बुढ़मू से भीम सिंह को किया गिरफ्तार
खूंटी के रोलागुटू तालाब में अरुण कुमार सिंह की मौत मामले का खुलासा हुआ। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद हत्या की FIR दर्ज कर पुलिस ने भीम सिंह को गिरफ्तार किया।

Khunti News ; खूंटी जिले के कर्रा थाना क्षेत्र स्थित रोलागुटू गांव के तालाब से बीते 24 जून को बरामद अरुण कुमार सिंह (35) के शव मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। जिसे शुरुआत में अस्वाभाविक मौत समझा जा रहा था, वह दरअसल एक सोची-समझी हत्या का मामला निकला। इस कांड का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने एक आरोपी भीम सिंह (33) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला कत्ल का राज, दर्ज हुई हत्या की FIR
तोरपा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) विजय कुमार सिंह ने गुरुवार को अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 24 जून को रोलागुटू तालाब में अरुण का शव मिलने के बाद शुरुआती तौर पर कर्रा थाने में यूडी केस (यूडी कांड संख्या 10/26) दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। लेकिन जब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई और यूडी जांच आगे बढ़ी, तो मामला अस्वाभाविक मौत के बजाय हत्या का निकला। इसके बाद जांच अधिकारी ASI मनोज कुमार ठाकुर के लिखित आवेदन पर 20 अगस्त को कर्रा थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 238 और 61(2) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
बुढ़मू से गिरफ्तार हुआ आरोपी भीम सिंह, बाकी साथियों की तलाश जारी
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने गुप्त सूचना और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर रोलागुटू गांव के ही निवासी भीम सिंह (पिता तपेश्वर सिंह) को बुढ़मू थाना क्षेत्र के बिंझा गांव से गिरफ्तार कर लिया। SDPO ने बताया कि पूछताछ के बाद आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। वहीं, इस हत्या में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
छापेमारी टीम में शामिल रहे ये पुलिस अधिकारी
इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने और आरोपी को दबोचने वाली विशेष टीम में तोरपा SDPO विजय कुमार सिंह के नेतृत्व में कर्रा थाना प्रभारी राजू कुमार, बीरबल करमाली, रौशन कुमार और कर्रा थाने के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बहुत जल्द कांड में शामिल शेष सभी आरोपियों को भी सलाखों के पीछे पहुंचा दिया जाएगा।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

800 से ज्यादा खातों में गड़बड़ी का अंदेशा, पूर्व विधायक कोचे मुंडा ने केंद्रीय मंत्री संजय सेठ से की जांच की मांग

महिला की जमीन पर रातों-रात बना दी दीवार!, रामगढ़ में DC के पास पहुंचा कब्जा और धमकी का मामला







