महिला की जमीन पर रातों-रात बना दी दीवार!, रामगढ़ में DC के पास पहुंचा कब्जा और धमकी का मामला
रामगढ़ के गोला क्षेत्र में जमीन पर अवैध कब्जे, रंगदारी और जान से मारने की धमकी के आरोप पर डीसी ऋतुराज ने संज्ञान लिया। सीओ को जांच का आदेश दिया गया।

Ramgarh News ; रामगढ़ जिले के गोला थाना क्षेत्र स्थित पिपरा जारा गांव निवासी प्यारे लाल साव ने अपनी पत्नी के नाम से खरीदी गई जमीन पर अवैध कब्जे, रंगदारी और जान से मारने की धमकी दिए जाने का गंभीर आरोप लगाया है। इस बाबत पीड़ित ने रामगढ़ के उपायुक्त (DC) ऋतुराज को शिकायती आवेदन सौंपकर भू-माफिया की दबंगई के खिलाफ कड़ा संज्ञान लेने और अपनी जमीन मुक्त कराने की गुहार लगाई है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए उपायुक्त ने अंचल अधिकारी (CO) को तुरंत जांच कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है।
रातों-रात बना दी चहारदीवारी, विरोध करने पर दी जान से मारने की धमकी
उपायुक्त को दिए गए आवेदन के अनुसार, प्यारे लाल साव की पत्नी पारो देवी के नाम से मौजा कैथा में खाता संख्या 23, प्लॉट संख्या 1977 के तहत पांच डिसमिल जमीन खरीदी गई है। पीड़ित का आरोप है कि पंकज महतो नामक व्यक्ति ने उनकी जमीन के करीब तीन-चार फीट हिस्से पर जबरन कब्जा कर लिया और रातों-रात चहारदीवारी खड़ी करके उनका मुख्य रास्ता पूरी तरह बाधित कर दिया। जब प्यारे लाल और उनकी पत्नी ने इस गैर-कानूनी निर्माण का विरोध किया, तो आरोपी ने उनके साथ सरेआम गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। यही नहीं, उनकी पत्नी के साथ भी बेहद अभद्र व्यवहार किया गया।
अंचल अधिकारियों से भी बदसलूकी, DC-SP के नाम से डराने का आरोप
आवेदक ने बताया कि उक्त जमीन की दाखिल-खारिज (Mutation) प्रक्रिया पहले ही नियमानुसार पूरी हो चुकी है। जमीन की सीमांकन व मापी कराने के लिए उन्होंने बाकायदा अंचल कार्यालय में आवेदन देकर निर्धारित शुल्क जमा किया था। आरोप है कि जब सरकारी मापी के लिए अंचल अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे, तो आरोपी पंकज महतो ने उनके साथ भी तीखी नोकझोंक और अभद्र व्यवहार किया, जिससे मापी का काम रुक गया। आरोपी खुलेआम उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक (SP) का नाम लेकर पीड़ित परिवार को गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दे रहा है।
उपायुक्त ऋतुराज ने लिया संज्ञान, अंचल अधिकारी को दिए जांच के आदेश
पीड़ित प्यारे लाल साव ने उपायुक्त से निष्पक्ष जांच कराकर जमीन की जल्द से जल्द मापी कराने, अवैध चहारदीवारी को ध्वस्त कर रास्ता खुलवाने और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। मामले की पूरी जानकारी मिलने के बाद उपायुक्त ऋतुराज ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित अंचल अधिकारी को तत्काल मौके की जांच करने और पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट जल्द से जल्द उनके समक्ष प्रस्तुत करने का निर्देश जारी किया है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

800 से ज्यादा खातों में गड़बड़ी का अंदेशा, पूर्व विधायक कोचे मुंडा ने केंद्रीय मंत्री संजय सेठ से की जांच की मांग

रोलागुटू मर्डर केस में पुलिस की बड़ी सफलता, खूंटी पुलिस ने बुढ़मू से भीम सिंह को किया गिरफ्तार







